Dhanbad Crime News: एक लाख के लिए पति ने पत्नी को दी मायके में रहने की सजा
एक महिला को उसके पति ने एक लाख रुपये के लिए ससुराल की जगह मायके में रहने का फरमान सुना दिया। पिछले दो वर्षों तक महिला मायके में रही। फिर थक हार कर बुधवार को महिला पति के खिलाफ शिकायत लेकर महिला थाना पहुंच गई।
धनबाद, जेएनएन : एक महिला को उसके पति ने एक लाख रुपये के लिए ससुराल की जगह मायके में रहने का फरमान सुना दिया। पिछले दो वर्षों तक महिला मायके में रही। फिर थक हार कर बुधवार को महिला पति के खिलाफ शिकायत लेकर महिला थाना पहुंच गई। पीड़िता पुलिस को अपना दुखड़ा सुनाई और पति को समझाने की गुहार लगाई है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी तीन वर्ष पूर्व हुई थी। शादी के कुछ माह बाद से ही उसके पति दहेज के लिए उसे प्रताड़ित करने लगे। पिछले दो वर्षों से वह मायके में है। उसका डेढ़ वर्ष का एक बेटा भी है। पति ने उसे ससुराल में रखने को लेकर शर्त रखा है कि जब तक मायके से एक लाख रुपये लाकर नहीं देगी, उसे ससुराल में रहने की इजाजत नहीं है।
काफी दिनों से वह मायके में रह रही है आर्थिक तंगी के कारण मायकेवाले भी रुपये देने में असमर्थ हैं। परेशान पीड़िता को महिला थाना के अलावा और कोई दूसरा रास्ता नहीं दिख रहा है। पीड़िता ने पुलिस को यह भी बताया कि उसकी शादी के तीन चार महीने के बाद ही पति का व्यवहार बदल गया। रोज रात को शराब पीकर आता और पूरे मोहल्ले के सामने उससे मारपीट करता।
ससुराल का कोई भी सदस्य पति को कुछ नहीं बोलता था। पति उसे धमकाता है कि एक लाख नहीं देने पर वह दूसरी शादी कर लेगा। वहीं पीड़िता के साथ उसके मायके के लोग भी थाना आए थे। पीड़िता के मायके वालों ने पुलिस को बताया कि शादी के वक्त ही वे लोग काफी रुपये दे चुके हैं। एक लाख रुपये कहां से लाकर देंगे। पीड़िता के मायके वाले भी दामाद को समझाने का भरपूर प्रयास किया। पर दामाद एक लाख के लिए अडिग है। पीड़िता के मायके वाले काफी गरीब हैं। पीड़िता की बूढ़ी मां दूसरे के यहां काम काज कर पिछले दो वर्षों से अपनी बेटी और उसके डेढ़ वर्ष के बच्चे का खर्चा उठा रही है। पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज करने से पूर्व महिला थाना की पुलिस उसके पति को थाना बुलाया है।