Dhanbad Coronavirus News Update: पीएमसीएच के डॉक्टर समेत 8 नए कोरोना मरीज मिले, मास्क न लगाया तो 500 रुपये जुर्माना
Dhanbad Coronavirus News Update कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए धनबाद उपायुक्त कार्यालय में भी सख्ती बढ़ा दी गई है। यहां आने वाले हर व्यक्ति की स्क्रीनिंग की जा रही है।
धनबाद, जेएनएन। Dhanbad Coronavirus News Update धनबाद जिले में कोरोना का संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। गुरुवार को आठ नए मरीज मिले। इनमें पीएमसीएच के एक चिकित्सक भी हैं। उनके संपर्क में अस्पताल के प्राचार्य और अधीक्षक के साथ-साथ कई विभागाध्यक्ष भी रहे हैं। सबकी जांच होगी। देर रात तक मरीजों को कोविड-19 में भर्ती कराने का काम होता रहा। पीएमसीएच के चिकित्सक का एक निजी कर्मचारी भी पॉजिटिव मिला है। इधर उपायुक्त अमित कुमार ने लोगों से अपील की है कि लापरवाही नहीं बरतें। अभी घरों में रहना ही बेहतर है। मास्क अवश्य लगाएं। शारीरिक दूरी का पालन करें और सुरक्षित रहें।
बुधवार को तोपचांची के डेंटिस्ट और कोला कुसमा में एक डायग्नोस्टिक सेंटर के रेडियोलॉजिस्ट भी संक्रमित पाए गए थे। वर्तमान में जिले में तीन डॉक्टर संक्रमित हैं। पीएमसीएच के संक्रमित चिकित्सक बुधवार को कॉलेज की बैठक में शामिल हुए थे, जिसमें प्राचार्य, अधीक्षक सहित कई विभागाध्यक्ष भी थे। चिकित्सक को सर्दी-खांसी और हल्का बुखार हुआ तो उन्होंने जांच करवाई थी। गुरुवार को आठ नए मरीज मिलने के बाद जिले में पॉजिटिव केसों की संख्या 284 हो गई है। इनमें एक्टिव केस 112 हैं। अब तक 169 लोग ठीक हो चुके हैं।
कार्मिक नगर का युवक पॉजिटिव
सरायढेला के कार्मिक नगर में एक युवक संक्रमित मिला है। वह पिछले दिनों दिल्ली से आया था। उसने निजी केंद्र में जांच कराई थी।
चेन्नई से आईं 11 लड़कियां पॉजिटिव
पिछले दिनों चेन्नई से धनबाद आईं 11 लड़कियां पॉजिटिव पायी गईं। तीन लड़कियों की रिपोर्ट गुरुवार को आई, जबकि बाकी की रिपोर्ट बुधवार को आ गई थी। सभी निरसा प्रखंड की हैं।
संक्रमित मिलने के बाद भी भीड़
कोला कुसमा के डायग्नोस्टिक सेंटर में रेडियोलॉजिस्ट के संक्रमित मिलने के बाद भी गुरुवार को लापरवाही देखी गई। काफी संख्या में मरीज यहां जांच करवाते रहे। ये स्थिति चिंताजनक है।
मैथन में झारखंड-बंगाल सीमा सील
पश्चिम बंगाल में कोरोना का बढ़ते प्रकोप देखते हुए मैथन स्थित डीबूडीह चेकपोस्ट को गुरुवार रात 10:30 बजे से सील कर दिया गया। अब मालवाहक वाहनों को छोड़ अन्य कोई वाहन बिना पास पश्चिम बंगाल से झारखंड में प्रवेश नहीं कर सकेगा। झारखंड में प्रवेश के लिए पास लेना होगा। एसडीपीओ विजय कुमार कुशवाहा ने बताया कि कोरोना के बढ़ते केस के चलते ऐसा किया गया है। बीच में कुछ ढील दी गई थी।
सावधान! बिना मास्क बाहर दिखे तो 500 रुपया जुर्माना
अब बगैर मास्क सड़क पर दिखे तो पुलिस 500 रुपया जुर्माना वसूलेगी। मुख्यालय के निर्देश पर एसएसपी अखिलेश बी वारियर ने गुरुवार को आदेश जारी किया है। इधर कुछ दिनों से संक्रमण का ग्राफ तेजी से बढ़ता जा रहा है। पुलिस प्रशासन परेशान है। लोग शारीरिक दूरी का पालन नहीं कर रहे, सड़क पर बगैर मास्क लगाए घूमते हैं। इस वजह से गाइडलाइन जारी की गई है।