Dhanbad Corona Update : डेढ़ साल के बच्चे के माता-पिता को भी वार्ड में दिया गया अलग बेड, डॉक्टर कर रहे निगरानी
Dhanbad Corona Update कोरोना पॉजिटिव डेढ़ वर्षीय बच्चे के साथ उनके माता-पिता को भी वार्ड में अलग बेड दिया गया है। फिलहाल डॉक्टरों की टीम बच्चे की निगरानी कर रही है।
धनबाद, जेएनएन। Dhanbad Corona News Update सेंट्रल अस्पताल (कोविड-19 अस्पताल) में भर्ती कोरोना वायरस से संक्रमित डेढ़ वर्षीय बच्चे के साथ उनके माता-पिता को भी वार्ड में अलग बेड दिया गया है। बच्चा अपने मां-पिता के बिना नहीं रह रहा था। इसे देखते हुए सेंट्रल अस्पताल के डॉक्टरों ने बच्चे के बेड के पास मां और पिता का भी बेड अलग-अलग लगा दिया है। मंगलवार की रात में बच्चे के मां-पिता दोनों वार्ड में ही थे।
डॉक्टरों का कहना है कि संक्रमित बच्चे के माता-पिता का भी स्वाब संग्रह किया गया है। संक्रमण से बचने के लिए मास्क सहित अन्य उपकरण सामग्री माता-पिता को दिए गए हैं। फिलहाल डॉक्टरों की टीम बच्चे की निगरानी कर रही है। बच्चा अभी ठीक है।
दो दर्जन लोगों की जांच : बच्चे के साथ उसके संपर्क में आए लगभग दो दर्जन लोगों का स्वाब संग्रह किया गया है। इसमें इसके तीन परिजनों के साथ गांव के कुछ और लोग हैं। हालांकि गांव के लोगों को स्वाब संग्रह करने के बाद उन्हें घर भेज दिया गया है। डाक्टरों का कहना है कि यह लोग सीधे संपर्क में नहीं आए थे, लेकिन एहतियात के तौर पर इनका स्वाब लिया गया है। फिलहाल इन सबको अलग-अलग रखने को कहा गया है।
टेंपो चालक का नहीं चला पाता : परिजनों ने बताया कि रांची से बच्चों को लेकर टेंपो के माध्यम से धनबाद आए थे। लेकिन इसके बाद टेंपो वाले का कोई पता नहीं चला है। स्वास्थ विभाग अब टेंपो चालक की भी खोज कर रहा है। फिलहाल अब तक उसका कोई सुराग विभाग को नहीं मिल सका है।