Corona News Update : PMCH के हड्डी रोग विभाग में भर्ती महिला कोरोना पॉजिटिव, 80 लोगों के संपर्क में आने का संदेह
Dhanbad Corona News Update पीएमसीएच के हड्डी रोग विभाग में भर्ती गिरिडीह के निमियाघाट की 65 वर्षीय वृद्धा कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। इसकी सूचना से विभाग में हड़कंप मच गया।
धनबाद, जेएनएन। Dhanbad Coronavirus News Update पीएमसीएच के हड्डी रोग विभाग में भर्ती गिरिडीह के निमियाघाट की 65 वर्षीय वृद्धा कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। पीएमसीएच के माइक्रोबायोलॉजी विभाग से रिपोर्ट आने के बाद विभाग में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में महिला को सेंट्रल अस्पताल में शिफ्ट कराया जा रहा है।
हड्डी रोग विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. डीपी भूषण ने बताया कि निमियाघाट की यह वृद्धा 19 जून को भर्ती कराई गई थी। उसके हाथ में चोट लगी थी। इसका ऑपरेशन होना था। 23 जून को ऑपरेशन से पहले इसकी कोरोना वायरस की जांच कराई गई। अब इसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
इधर, वृद्धा के संपर्क में वार्ड में भर्ती मरीज, डॉक्टर और कर्मचारी आ हैं। पीएमसीएच के डॉक्टरों की मानें तो लगभग 80 से ज्यादा लोग संपर्क में आए हैं। अब इन सभी लोगों स्वाब संग्रह शुरू कराया गया है। दूसरी ओर हड्डी रोग विभाग के महिला वार्ड को खाली करा दिया गया है। यहां पर दूसरे मरीजों को आने-जाने पर रोक लगा दी गई है।
इससे पहले शुक्रवार की सुबह कोरोना वायरस का कहर कोलियरी तक पहुंच गया है। जामाडोबा टाटा स्टील झरिया डिविजन के एक अधिकारी कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं। संक्रमण की सूचना के बाद कोलियरी में हड़कंप मच गया। इसके बाद कोलियरी को बंद कराया गया है। बताया जाता है कि अधिकारी की तबीयत पिछले दिनों से खराब थी। इसके बाद उन्हें टाटा के टीएमएच अस्पताल में ले जाया गया। जांच के बाद वह कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं।
धनबाद में संक्रमित मरीजों की संख्या 17 : शुक्रवार को दो कोरोना वायरस से संक्रमित मरीज मिलने के बाद धनबाद जिले में कोरोना सक्रिय केसों की संख्या 17 हो गई है। वहीं, कुल कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 131 पहुंच गई है। इसमें से 110 लोग ठीक होकर अपने घर चले गए हैं। जबकि अन्य का इलाज राज्य से बाहर चल रहा है।