Lok Sabha Election 2019: धनबाद में थम नहीं रहा कीर्ति आजाद का विरोध
कांग्रेस नेता गोपाल धारी अपने साथियों के साथ कांग्रेस जिंदाबाद करते हुए धमक पड़े। पार्टी कार्यालय के बाहर अचानक काला झंडा निकालते हुए विरोध करने लगे।
धनबाद, जेएनएन। कीर्ति झा आजाद को धनबाद से कांग्रेस का प्रत्याशी बनाए जाने का विरोध थम नहीं रहा है। कांग्रेसियों ने रविवार को फिर काला झंडा दिखाया गया। यह विरोध उस समय हुआ जब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार हाउसिंग कॉलोनी स्थित पार्टी कार्यालय में मोर्चा-संगठनों व प्रखंड व नगर अध्यक्षों के साथ बैठक कर रहे थे। साथ में कीर्ति झा आजाद भी मौजूद थे।
बैठक के दरम्यान कांग्रेस नेता गोपाल धारी अपने साथियों के साथ कांग्रेस जिंदाबाद करते हुए धमक पड़े। पार्टी कार्यालय के बाहर अचानक काला झंडा निकालते हुए विरोध करने लगे। कीर्ति झा आजाद वापस जाओ और प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ नारे लगाने लगे। वहां मौजूद कांग्रेसी हक्के-बक्के रह गए। विरोध शांत होता नहीं देख वहां मौजूद कांग्रेसी उग्र हो गए। मुख्तार खान, अनवर शमीम सहित कई नेताओं ने उसे भगाते हुए सड़क पर पहुंचाया।
प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार ने कहा कि ऐसे चार-पांच छिटपुट लोगों के विरोध से असर नहीं पडऩे वाला है। छोटी मानसिकता के लोग विरोध कर रहे हैं। 12 अप्रैल को पहली बार धनबाद पहुंचने पर भी गोपालधारी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कीर्ति को काला झंडा दिखाया था। इसके बाद कांग्रेस जिलाध्यक्ष ब्रजेंद्र सिंहने गोपालधारी और उसके समर्थकों को छह साल के लिए पार्टी से निकाल देने की घोषणा की।