OBC Reservation: अपनी ही सरकार के खिलाफ धनबाद के कांग्रेसियों ने दिया धरना, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से वादा पूरा करने की मांग
ओबीसी विभाग के जिलाध्यक्ष मनोज कुमार यादव ने कहा कि वर्तमान झारखंड की हेमंत सरकार एवं कांग्रेस पार्टी ने चुनाव में घोषणा की थी कि सरकार बनने पर झारखंड में पिछड़ी जातियों को 27 फीसद का आरक्षण का लाभ मिलेगा।
जागरण संवाददाता, धनबाद। झारखंड में हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झामुमो-कांग्रेस गठबंधन की सरकार है। इस अपनी ही सरकार के खिलाफ मंगलवार को धनबाद में कांग्रेसियों ने धरना दिया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से ओबीसी को 27 फीसद आरक्षण देने का चुनावी वादा पूरा करने की मांग की। शहर रणधीर वर्मा चाैक पर धरना का आयोजन धनबाद जिला कांग्रेस कमेटी ओबीसी विभाग की ओर से जिलाध्यक्ष मनोज कुमार यादव की अध्यक्षता में किया गया। झारखंड में पिछड़ी जातियों को 27 फीसद आरक्षण देने की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन किया गया।
जिलाध्यक्ष ने भाजपा पर साधा निशाना
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ब्रजेन्द्र प्रसाद सिंह ने कहा कि एकीकृत बिहार राज्य के समय पिछड़ी जातियों को 27 फीसद आरक्षण लागू था। उसका लाभ पिछड़ी जातियों को मिल रहा था, लेकिन सबसे अधिक समय तक झारखंड में भाजपा सरकार के शासनकाल में इस आरक्षण लागू नहीं किया गया। झारखंड बनने के बाद भाजपा के तीन-तीन मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, अर्जुन मुंडा, रघुवर दास झारखंड राज्य के मुख्यमंत्री रहे। इन्होंने पिछड़ी जातियों के हित में किसी प्रकार का संज्ञान नहीं लिया और न ही इनके हित में कोई कार्य किया। अन्य राज्यों में पिछड़ी जातियों को 27 फीसद आरक्षण का लाभ मिल रहा है जबकि पूर्व भाजपा सरकार ने झारखंड में पिछड़ी जातियों के साथ सौतेला व्यवहार करते हुए इन्हें मात्र 14 फीसद आरक्षण देकर छलने का काम किया है। पिछड़ी जातियों में रोष व्याप्त है। खुद को ठगा एवं उपेक्षित महसूस कर रहे हैं। जिला कांग्रेस कमेटी झारखंड सरकार से मांग करती है कि अविलंब इस मामले पर त्वरित संज्ञान लेते हुए अन्य राज्यों की तरह झारखंड में भी पिछड़ी जातियों को 27 फीसद आरक्षण का लाभ दी जाए।
झारखंड बनने के बाद से ओबीसी को 14 फीसद आरक्षण
जिला कांग्रेस कमेटी ओबीसी विभाग के जिलाध्यक्ष मनोज कुमार यादव ने कहा कि वर्तमान झारखंड की हेमंत सरकार एवं कांग्रेस पार्टी ने चुनाव में घोषणा की थी कि सरकार बनने पर झारखंड में पिछड़ी जातियों को 27 फीसद का आरक्षण का लाभ मिलेगा। सरकार से मांग है कि राज्य में पिछड़ी जातियों को 27 फीसद आरक्षण अविलंब लागू करें। एकीकृत बिहार में पिछड़ी जातियों को 27 फीसद आरक्षण का लाभ मिलता था, लेकिन झारखंड में भाजपा की सरकार बनते ही मात्र 14 प्रतिशत आरक्षण देकर भाजपा की पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल, अर्जुन मुंडा एवं रघुवर दास तीनों की सरकार ने पिछड़ी जातियों को छलने का काम किया। सरकार से मांग है कि पिछड़ी जातियों के लिए राज्य में 27 फीसद आरक्षण का लाभ दें। ताकि उपेक्षित पिछड़ी जातियों का उत्थान हो सके। सरकार के प्रति विश्वास भी जगेगा।
धरना में भागीदारी
मौके पर विजय कुमार सिंह, मदन महतो, संतोष सिंह, दिनेश सिंह डुंगुर, योगेन्द्र सिंह योगी, राजेश्वर सिंह यादव, मंटू दास, पप्पू पासवान, गोपाल कृष्ण चौधरी, जाहिर अंसारी, एहसान खान, शकील अहमद, संजय महतो, नंदलाल पासवान, राजू दास, कामता पासवान, बबलू दास, अरुण कुमार सिंह, हुमायूं रजा, सतपाल सिंह ब्रोका, पप्पू कुमार तिवारी, हीरालाल नोनिया, लालबाबू यादव ,बमभोली सिंह, डीएन यादव, राहुल राज, मनोज कुमार हाडी, अशोक वर्णवाल, बबीता शर्मा, हरेंद्र शाही, प्रभाकर नोनिया, रामजी भगत, राजू नोनिया, रमेश राय, विकी कुमार, बाबू अंसारी, महेश शर्मा, सोहराब अली, रत्नेश यादव, सुखदेव हांसदा, सूरज वर्मा, वीरेंद्र पासवान, अर्जुन भूइयां, अखिलेश चौधरी, श्यामल भंडारी, विनीत दुबे, सोनू यादव, रवि राय, मासूम खान, पप्पू सिंह, नंदन कुमार भूइयां, सत्यानंद पांडे, अरविंद कुमार सैनी, राजा अंसारी, गाजू कालिंदी, रोहित सिंह, सूरज सिंह यादव उपस्थित थे।