Dhanbad Congress Politics: कांग्रेस कमेटी में दो फाड़, कार्यकारी अध्यक्ष व जिला अध्यक्ष में अनबन
कांग्रेस के बड़े नेता भले ही इस बात की दुहाही दें कि सबकुछ ठीक है लेकिन सच्चाई यही है कि कांग्रेस की अंदरूनी कलह अब बाहर आने लगी है। कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष रवींद्र वर्मा ने रसोई गैस के मूल्यों में वृद्धि को लेकर पुतला फूंका।
धनबाद, जेएनएन : कांग्रेस के बड़े नेता भले ही इस बात की दुहाही दें कि सबकुछ ठीक है, लेकिन सच्चाई यही है कि कांग्रेस की अंदरूनी कलह अब बाहर आने लगी है। शनिवार को ऐसा ही कुछ देखने को मिला। कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष रवींद्र वर्मा ने रसोई गैस और पेट्रोलियम पदार्थ के मूल्यों में वृद्धि को लेकर पीएम का पुतला फूंका। इसे जिला कांग्रेस कमेटी ने अघोषित कार्यक्रम करार देते हुए शामिल नहीं होने का निर्णय लिया। कार्यकारी अध्यक्ष ने पुतला दहन तो कर दिया, लेकिन इसमें न तो जिला कांग्रेस कमेटी शामिल हुई, न ही जिलाध्यक्ष और न ही कांग्रेस ओबीसी मोर्चा, अल्पसंख्यक मोर्चा, एनएसयूआइ और युवा मोर्चा के ही कोई पदाधिकारी शामिल हुए। उल्टा रवींद्र वर्मा के मैसेज को जबरदस्त ट्रोल किया गया। रवींद्र वर्मा ने कार्यक्रम की सूचना जिला कांग्रेस कमेटी के व्हाट्सएप ग्रुप पर डाली। इसके बाद तो मैसेज ट्रोल होने लगा। जिला कमेटी से लेकर सभी मोर्चा के पदाधिकारियों ने कहना शुरू कर दिया कि कार्यक्रम की कोई पूर्व जानकारी नहीं है, इसलिए इसमें शामिल नहीं होंगे। किसी ने कहा कि जिलाध्यक्ष की ओर से जारी कार्यक्रम पर ही आंदोलन या प्रदर्शन होगा, तो एक पदाधिकारी ने तो यहां तक कह दिया कि पार्टी से ऊपर कोई नहीं है यह तरीका गलत है।
कार्यकारी अध्यक्ष के मैसेज का जवाब
- धनबाद जिला कांग्रेस कमेटी ओबीसी विभाग के कोई भी पदाधिकारी इस कार्यक्रम में भाग नहीं लेंगे, क्योंकि यह कार्यक्रम धनबाद जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा अधिकृत नहीं है।
- धनबाद जिला कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग के पदाधिकारी इस कार्यक्रम में भाग नहीं लेंगे, क्योंकि यह अधिकृत कार्यक्रम नहीं है।
- जिला यूथ कांग्रेस का कोई भी पदाधिकारी आज के पुतला दहन कार्यक्रम में सम्मिलित ना हो, यह कार्यक्रम जिला कांग्रेस द्वारा अधिकृत नहीं है।
- यह कार्यक्रम धनबाद जिला कांग्रेस कमेटी का ना होकर किसी व्यक्ति विशेष का कार्यक्रम है। जिला एनएसयूआइ के सभी पदाधिकारियों से आग्रह है कि इस कार्यक्रम में भाग ना लें।
- कार्यकारी अध्यक्ष को जिला अध्यक्ष रहते हुए कोई भी कार्यक्रम करने का अधिकार नहीं है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी इसका संज्ञान लेकर अनुशासनात्मक कार्रवाई करे।
- धनबाद जिला कांग्रेस कमेटी सूचना अधिकार प्रकोष्ठ के कोई भी पदाधिकारी इस कार्यक्रम में भाग नहीं लेंगे, क्योंकि यह कार्यक्रम धनबाद जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा स्वीकृत नहीं है। निजी कार्यक्रम की सूचना निजी स्तर पर दें।
- धनबाद जिला कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग का कोई भी पदाधिकारी इस कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे। यह कार्यक्रम अधिकृत नहीं है।
वर्जन
इस कार्यक्रम की सूचना जिला कांग्रेस कमेटी को नहीं दी गई थी। अगर दी गई होती तो हम जरूर शामिल होते। देखते हैं किस कारण से ऐसा हुआ है। निजी कार्यक्रम में जिले के पदाधिकारी कैसे शामिल होंगे। इसमें कांग्रेस का कोई भी मोर्चा या विभाग शामिल नहीं हुआ।
- बृजेंद्र प्रसाद सिंह, अध्यक्ष जिला कांग्रेस कमेटी