Dhanbad BJP Politics: मोदी सरकार चला रही कोरोना टीकाकरण अभियान, बुजुर्गों की सेवा में जुटे भाजपाई
सांसद पीएन सिंह ने जेपी हॉस्पिटल ग्रुप की प्रशंसा की कि वह पहले दिन 100 बुजुर्गों को मुफ्त कोरोना वैक्सीन दे रहा है। ऐसा करने वाला वह पहला निजी अस्पताल है। सेंटर पर पहला टीका लेने वाले भाजपा के वरिष्ठ नेता अधिवक्ता हरीश जोशी को सम्मानित भी किया।
धनबाद, जेएनएन। भारतीय जनता पार्टी ने कोरोना वैक्सीन लेने आए बुजुर्गों की सुविधा के लिए रविवार को हेल्प डेस्क का शुभारंभ किया। जेपी हॉस्पिटल परिसर में महानगर का पहला हेल्प डेस्क खोला गया। इसका उद्घाटन करते हुए सांसद पीएन सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा जन सरोकार को प्राथमिकता देती रही है। इसी के तहत आज यह कार्य भी किया जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार हमेशा ही महिलाओं और बुजुर्गों को प्राथमिकता देती रही है। इसी के तहत बुजुर्गों के लिए पूरे देश में सरकारी चिकित्सालय में मुफ्त में दिया जा रहा है। निजी क्षेत्र के अस्पतालों में भी भीड़ को देखते हुए वैक्सीनेशन की शुरुआत की गई है। यहां ढाई सौ रुपये शुल्क लिया जा रहा है।
पहले दिन 100 बुजुर्गों को मुफ्त में कोरोना टीका
सांसद ने जेपी हॉस्पिटल ग्रुप की प्रशंसा की कि वह पहले दिन 100 बुजुर्गों को मुफ्त कोरोना वैक्सीन दे रहा है। ऐसा करने वाला वह पहला निजी अस्पताल है। उन्होंने इस सेंटर पर पहला टीका लेने वाले भाजपा के वरिष्ठ नेता अधिवक्ता हरीश जोशी को सम्मानित भी किया। इस दौरान अस्पताल के निदेशक व भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला मंत्री नित्यानंद मंडल ने बताया कि अब तक 50 लोगों का निबंधन टीकाकरण के लिए हो चुका है। भारतीय जनता पार्टी के टीकाकरण प्रमुख नितिन भट्ट ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए बताया कि सोमवार को सदर अस्पताल, केंद्रीय अस्पताल, जालान अस्पताल में भी शिविर का उद्घाटन किया जाएगा। युवा मोर्चा के कार्यकर्ता भी इसमें सहयोग करेंगे।
धनबाद भाजपा के महत्वपूर्ण नेताओं की उपस्थिति
पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल, धनबाद महानगर अध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह, रागिनी सिंह, प्रियंका रंजन, नितिन भट्ट, महावीर पासवान, रणविजय सिंह, नित्यानंद मंडल, अमलेश सिंह, प्रभात रंजन सिन्हा, मानस प्रसून, ललन मिश्रा, रवि मिश्रा आदि शामिल थे।