धनबाद के विधायक राज सिन्हा को Coronavirus ने जकड़ा, घर में हुए आइसोलेट; स्वास्थ्य को लेकर समर्थक चिंतित
भाजपा विधायक राज सिन्हा कोरोना संक्रमित हो गए हैं। उन्होंने खुद ट्वीट कर जानकारी दी है। सिन्हा कोयलांचल में कोरोना संक्रमित होने वाले तीसरे भाजपा के विधायक हैं। इससे पहले सिंदरी के विधायक इंद्रजीत महतो और बोकारो के विधायक बिरंची नारायण भी कोरोना संक्रमित हो चुके हैं।
धनबाद, जेएनएन। धनबाद के विधायक राज सिन्हा कोरोना संक्रमित हो गए हैं। इसके बाद विधायक घर में आइसोलेट हैं। विधायक ने रैपिड एंटीजन टेस्ट से कोरोना जांच कराई। रिपोर्ट पॉजिटिव होने के बाद उन्होंने ट्वीट कर खुद के कोरोना संक्रमित होने की जानकारी साझा की। यह सूचना मिलने के बाद विधायक के समर्थक चिंतित हो उठे हैं। क्योंकि कोरोना वायरस की दूसरी लहर काफी खतरनाक है। सिंदरी के भाजपा विधायक इंद्रजीत महतो कोरोना से संक्रमित होने के बाद गंभीर हाल में हैं। उन्हें बेहतर इलाज के लिए हैदराबाद के यशोदा अस्पताल में एयरलिफ्ट करना पड़ा है।
रैपिड टेस्ट में पॉजिटिव आने के बाद खुद को आइसोलेट कर लिया हूँ। सम्पर्क में आए सभी अपना जाँच करा लें।
— Raj Sinha (@rajsinhabjp) April 18, 2021
ट्वीट कर विधायक ने दी जानकारी
धनबाद के भाजपा विधायक राज सिन्हा ने रविवार की रात ट्वीट कर खुद के कोरोना पॉजिटिव होने की जानकारी साझा की। साथ ही संपर्क में आने वाले लोगों से कोरोना जांच कराने की सलाह दी है। सिन्हा काफी एक्टिव विधायक हैं। वह क्षेत्र में हमेशा सक्रिय रहते हैं। प्रतिदिन सैकड़ों लोगों से मिलना-जुलना होता है। एक दिन पहले सिंदरी के कोरोना संक्रमित विधायक इंद्रजीत महतो को बोकारो हवाईअड्डा पर छोड़ने के लिए सिन्हा गए थे। हालांकि उन्हें कोरोना का संक्रमण कहां हुआ यह कहना मुश्किल है।
ले चुके कोरोना का पहला टीका
विधायक राज सिन्हा कोरोना का पहला टीका ले चुके हैं। पिछले दिनों उन्होंने धनबाद सदर अस्पताल में जाकर कोरोना का वैक्सीन लिया। वैक्सीन लेने के बाद कोरोना संक्रमित हुए हैं।