Dhanbad Weather Forecast: बारिश होगी कम और सामान्य से ऊपर रहेगा तापमान, पढ़ें माैसम विभाग की चेतावनी
20 और 21 मार्च को मौसम का मिजाज फिर बदलने की संभावना जताई गई है। इस दौरान आंधी-बारिश के साथ वज्रपात से सावधानी बरतने को भी कहा गया है। इसके ठीक बाद 24 और 25 मार्च को भी आबोहवा में बदलाव का अनुमान है।
धनबाद, जेएनएन। धनबाद पर मौसम इस बार भी मेहरबान है। मार्च के पहले हफ्ते में ही जहां धूप की तपिश झुलसाने लगी थी, वहीं बारिश की बूंदों ने गर्मी के तेवर ढीले कर दिए। पहले सप्ताह में आसमान से आग बरसने जैसी स्थिति बनने के बाद दूसरे सप्ताह कई दिनों की बारिश ने राहत दे दी। मौसम विभाग की माने तो एक से 18 मार्च के बीच धनबाद में सामान्य से अधिक बारिश हुई। आंकड़ें के मुताबिक धनबाद में सामान्य ये 49 फीसद ज्यादा बारिश हुई। धनबाद सटे पड़ोसी जिले प्री-मानसून बारिश के मामले में पिछड़ गए हैं। गिरिडीह में प्री-मानसून बारिश में 43 फीसद की कमी रही। बोकारो में छह प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई तो जामताड़ा इस मामले में पूरी तरह पिछड़ा रहा। इस जिले में प्री-मानसून की बारिश ही नहीं हुई। यही हाल संताल के गोड्डा और साहिबगंज का रहा। इन दोनों जिलों में भी प्री-मानसून की फुहारें नहीं बरसीं।
20 और 21 मार्च को मौसम का मिजाज फिर बदलने की संभावना जताई गई है। इस दौरान आंधी-बारिश के साथ वज्रपात से सावधानी बरतने को भी कहा गया है। इसके ठीक बाद 24 और 25 मार्च को भी आबोहवा में बदलाव का अनुमान है। मौसम में होनेवाले बदलाव का असर भी धनबाद में मौसम में दिख सकता है। हालांकि मौसम विभाग ने इस साल गर्मी अधिक पड़ने और बारिश कम होने का अनुमान भी जताया है। राज्य में 60 फीसद तक सामान्य से ज्यादा गर्मी पड़ने की संभावना जताई गई है।
मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद की माने तो पिछले साल फरवरी से ही मौसम ने करवट ले लिया था। प्री-मानसून की बारिश काफी अच्छी रही थी। बाद में लॉक डाउन का असर भी मौसम पर दिखा था। पर्यावरण पर कई अनुकूल प्रभाव पड़े थे जिससे कई दशक पहले जैसी स्थिति बन गई थी। हालांकि पिछला वर्ष मौसम के लिहाज से भी अपवाद था। अब साल दर साल गर्मी बढ़ रही है। इस साल भी उसका असर दिखेगा।