Deoghar Agriculture News: धान-मक्का में दम ज्वार-बाजरा बेदम, मोटे अनाजों की खेती में किसानों की दिलचस्पी नहीं
Deoghar Agriculture News मोटे अनाज की खेती के लिए तय लक्ष्य 690 हेक्टयेर के विरूद्ध अब तक मात्र 21 हेक्टेयर भू-भाग पर सिर्फ मडुवा की खेती हो रही है।
देवघर [ राजीव ]। समय के साथ एक बार फिर से मोटे अनाज ज्वार-बाजरा और मडुवा का क्रेज बढ़ रहा है लेकिन देवघर के किसान अब भी धान और मकई की खेती को ही मुफीद मानते हैं। देवघर जिले में मोटे अनाज की खेती नहीं के बराबर हो रही है। कृषि महकमा के प्रयासों के बाद भी किसान ज्वार, बाजरा एवं मडुवा की खेती के लिए तैयार नहीं हो रहे हैं। यही वजह है कि देवघर में मोटे अनाज की खेती के लिए तय लक्ष्य 690 हेक्टयेर के विरूद्ध अब तक मात्र 21 हेक्टेयर भू-भाग पर सिर्फ मडुवा की खेती हो रही है। इधर अच्छी बारिश के बाद इस वर्ष देवघर जिले में धान और मकई की बंपर बोआई हुई है। कृषि महकमा और किसान इस बार उत्साहित हैं कि अगर इंद्र का साथ मिलता रहा तो धान और मकई का रिकार्ड उत्पादन भी संभव है।
धान 60 व मकई की 80 फीसद हो चुकी रोपाई
देवघर जिले में धान और मकई की खेती इस वर्ष लक्ष्य के अनुरूप बेहतर होने की उम्मीद है। जिले में धान व मकई के लिए तय लक्ष्य पूरा होने की उम्मीद है। अच्छी बारिश के कारण जिले में अब तक 60 फीसद धान और मकई की बोआई 80 फीसद हो चुकी है। अभी बोआई का काम जारी है। कृषि महकमा को उम्मीद है कि जिस रफ्तार से रोपाई का काम चल रहा है उससे उम्मीद है कि लक्ष्य को हासिल कर पाने में मुश्किल नहीं होगी। जिले में धान के लिए धान की खेती के लिए 52000 हेक्टेयर भू-भाग पर खेती का लक्ष्य तय है जिसमें अब तक 30390 हेक्टेयर भू-भाग पर रोपाई का काम हो चुका है। इसमें हाइब्रिड, अधिक उपजशील और उन्नत तीनों प्रभेद की धान की फसलें शामिल है। इधर मकई के लिए जिले में 17000 हेक्टेयर भू-भाग पर खेती का लक्ष्य है जिसमें 13447 हेक्टेयर भू-भाग पर बोआई हो चुका है।
ये है धान व मकई के लिए प्रखंडवार लक्ष्य (हेक्टेयर में)
प्रखंड - धान - मकई
- देवघर - 6500 - 2122
- मोहनपुर - 6500 - 2122
- सारवां - 3255 - 1055
- सोनारायठाढ़ी - 3255 - 1055
- सारठ - 6500 - 2122
- पालोजोरी - 6500 - 2122
- मधुपुर - 6500 - 2122
- करौं - 3245 - 1065
- मारगोमुंडा - 3245 - 1063
- देवीपुर - 6500 - 2122
ये है जिले में प्रखंडवार मोटा अनाज ज्वार, बाजरा और मडुवा का लक्ष्य (हेक्टेयर में)
प्रखंड - फसल - लक्ष्य - उपलब्धि - फसल - लक्ष्य - उपलब्धि - फसल - लक्ष्य - उपलब्धि
- देवघर - ज्वार - 15 - 00 - बाजरा - 04 - 00 - मडुवा - 55 - 00
- मोहनपुर - ज्वार - 15 - 00 - बाजरा - 04 - 00 - मडुवा - 55 - 00
- सोनारायठाढ़ी-ज्वार -15 - 00 - बाजरा - 04 - 00 - मडुवा - 45 - 00
- सारठ - ज्वार -15 - 00 - बाजरा - 04 - 00 - मडुवा - 45 - 00
- पालोजोरी - ज्वार - 15 - 00 - बाजरा - 04 - 00 - मडुवा - 55 - 04
- मधुपुर - ज्वार - 15 - 00 - बाजरा - 04 - 00 - मडुवा - 55 - 02
- करौं - ज्वार - 15 - 00 - बाजरा - 04 - 00 - मडुवा - 55 - 03
- मारगोमुंडा - ज्वार - 15 - 00 - बाजरा - 04 - 00 - मडुवा - 45 - 04
- देवीपुर - ज्वार - 15 - 00 - बाजरा - 04 - 00 - मडुवा - 45 - 08
- सारवां - ज्वार - 15 - 00 - बाजरा - 04 - 00 - मडुवा - 45 - 00
इस वर्ष जिले में अच्छी बारिश हुई है। इसकी वजह से सभी प्रखंड के किसानों में जबरदस्त उत्साह है। धान और मकई की खेती लक्ष्य के अनुरूप होने की संभावना है। मोटा अनाज की खेती करने के लिए किसानों को प्रेरित किया जा रहा है लेकिन किसान इसको लेकर गंभीर नहीं हैं।
-रामशंकर सिंह, जिला कृषि पदाधिकारी, देवघर