मंत्री तक पहुंची बंद पड़ी देश की पहली एसी डबल डेकर ट्रेन की बात, क्या चलेगी?
हावड़ा से धनबाद के बीच देश की पहली एसी डबल डेकर ट्रेन चली थी। हालांकि बाद में रेलवे ने कतिपय कारणों से इसका परिचालन बंद कर दिया।
धनबाद, जेएनएन।लोकसभा चुनाव से पहले बंद पड़ी देश की पहली डबल डेकर ट्रेन को चालू करने की मांग उठी है। भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य बिनय कुमार सिंह ने रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा से मिलकर ट्रेन को हावड़ा से वाराणसी या पं. दीनदयाल उपाध्याय स्टेशन (मुगलसराय) के बीच चलाने की मांग की है। इस मांग पर गंभीरता दिखाते हुए रेल राज्यमंत्री ने अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने का निर्देश दिया है।
एक अक्टूबर 2011 को देश की पहली एसी डबल डेकर ट्रेन चली थीः हावड़ा से धनबाद के बीच देश की पहली एसी डबल डेकर ट्रेन चली थी। हालांकि बाद में रेलवे ने कतिपय कारणों से इसका परिचालन बंद कर दिया। बाद में एक साल पहले हावड़ा से पारसनाथ के बीच परिचालन की घोषणा की गई। लेकिन, अब तक यात्रियों को परिचालन का इंतजार है। सिंह ने शुक्रवार को नई दिल्ली में रेल राज्यमंत्री से मिलकर ट्रेन को हावड़ा से मुग़लसराय/बनारस तक रूट विस्तार करने की मांग की। इस विस्तार से कोलकाता और बनारस जैसे दो अति प्राचीन शहरों को जोड़ने के साथ ही यह बहुत ही ज़्यादा कमाई वाला रूट भी साबित होगा।बिनय सिंह ने कहा की कई ट्रेनों का रूट बेतरतीब होने के कारण भारतीय रेल को काफ़ी नुक़सान उठाना पड़ रहा है और यात्रियों को उसका समुचित लाभ भी नहीं मिल पा रहा है। आपसे विनम्र आग्रह है की इन ट्रेन को चालू कर धनबाद झारखंड और बिहार सहित उत्तरप्रदेश के कई जिलों के यात्रियों को सहूलियत प्रदान करने की कृपा करें। सिंह के साथ भाजयुमो नेता अभिषेक सिंह भी थे।