साइबर ठगी मामले में दिल्ली पुलिस ने झरिया में की छापेमारी
संस झरिया साइबर ठगी के मामले में बस्ताकोला दोबारी बस्ती निवासी विकास कुमार की तलाश में
संस, झरिया : साइबर ठगी के मामले में बस्ताकोला दोबारी बस्ती निवासी विकास कुमार की तलाश में दिल्ली साइबर थाना के दीपक कुमार यादव की तीन सदस्यीय टीम के साथ सोमवार को झरिया थाना पहुंची। झरिया पुलिस के सहयोग से दिल्ली पुलिस ने विकास के घर में छापामारी की। छापामारी की भनक पाकर आरोपित फरार हो गया। पुलिस ने विकास के परिवार वालों से पूछताछ की। इसके बाद पुलिस लौट आई। पुलिस अधिकारी दीपक ने बताया कि दिल्ली निवासी एक व्यक्ति से इनाम उठने के नाम पर एक लिक उनके मोबाइल पर भेजा गया था। भुक्तभोगी ने जब उस लिक को खोला तो उसके खाते से पांच लाख रुपये गायब हो गए। भुक्तभोगी ने इसकी शिकायत दिल्ली के साइबर थाना में की। दिल्ली पुलिस ने अपने टेक्निकल सेल के अधिकारियों से उक्त लिक की पूरी जानकारी निकाली। लिक की जानकारी मिलते ही जिस बैंक खाता में पैसा पहुंचा वह धनबाद जिला का बताया गया। इस आधार पर साइबर ठगी का मामला दर्ज कर आरोपित की तलाश में टीम झरिया पहुंची। टीम उक्त बैंक खाता की जानकारी लेने यहां के बैंक में भी पहुंची। इसके बाद खाता धारक विकास का पता मिला। पुलिस विकास की तलाश में लगी है। साइबर ठगी के मामले में पिछले वर्ष हैदराबाद पुलिस भी झरिया थाना पहुंची थी। हैदराबाद पुलिस भी दोबारी के विकास को पकड़ने के लिए छापामारी की थी। पुलिस विकास को पकड़ कर अपने साथ हैदराबाद भी ले गई थी। हैदराबाद के एक व्यक्ति को भी इसी तरह विकास ने ठगी का शिकार बनाया था।