बेलगढि़या कालोनी में छत से गिरकर चार वर्षीय बालक की मौत
झरिया बेलगढि़या कालोनी में मंगलवार की देर शाम छत से गिरने से मजदूर चंदन साव के लगभग चा
झरिया : बेलगढि़या कालोनी में मंगलवार की देर शाम छत से गिरने से मजदूर चंदन साव के लगभग चार वर्षीय पुत्र धनु कुमार की मौत हो गई। लोगों ने कहा कि छत पर चारदीवारी नहीं देने के कारण घटना हुई। पुत्र की मौत की सूचना पाकर झरिया में काम कर रहे चंदन व उनके स्वजन बेलगढि़या पहुंचे। मृतक के दादा गोपाल साव, मां पूजा देवी व अन्य स्वजन रो रोकर बेहाल हुए। बताते हैं कि देर शाम धनु छत पर खेल रहा था। चारदीवारी नहीं होने के कारण खेलते-खेलते वह नीचे गिर गया। दादा गोपाल व स्थानीय लोग धनु को तुरंत निजी अस्पताल में ले गए। चिकित्सक ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। रात में झरिया चार नंबर सब्जी बागान के पास स्वजनों ने मृतक धनु को मिट्टी में दफना दिया।
झरिया में रहता तो धनु की नहीं होती मौत :
बताते हैं दिन में धनु पिता व मां के साथ चार नंबर सब्जी बागान रिश्तेदार के घर में ही था। चंदन के भाई व अन्य कई रिश्तेदार बेलगढि़या में आवास नहीं मिलने के कारण यहीं रहते हैं। दोपहर में चंदन का मामा झरिया आया था। इसके बाद वह धनु व अन्य के साथ बेलगढि़या चला गया। देर शाम घटना हो गई।
लोगों ने प्रशासन पर लगाया लापरवाही का आरोप :
बेलगढि़या कालोनी में रहनेवाले लोगों का कहना है कि घटना प्रशासन की लापरवाही से हुई है। यहां जो आवास बनाए गए हैं। उसकी छत पर बाउंड्री नहीं दी गई है। इसे कारण घटना हुई। अगर छत पर तीन फीट की बाउंड्री की गई रहती तो यह घटना नहीं होती।