सिदरी मार्शलिग यार्ड की मालगाड़ी में फंदे से लटका मिला किशोर का शव, हत्या की आशंका
संस चासनाला-सिदरी-बलियापुर पूर्व मध्य रेल धनबाद मंडल के सिदरी मार्शलिग यार्ड के रेलवे साइडि
संस, चासनाला-सिदरी-बलियापुर : पूर्व मध्य रेल धनबाद मंडल के सिदरी मार्शलिग यार्ड के रेलवे साइडिग के समीप दो नंबर रेल लाइन के 16 एस 13 सी व 14 सी पोल के बीच खड़ी मालगाड़ी के डिब्बे में शनिवार की सुबह रहस्यमय परिस्थिति में रस्सी से लटकता हुआ लगभग 16 वर्षीय एक अज्ञात किशोर का शव मिला। इससे क्षेत्र के लोगों में सनसनी फैल गई। सूचना पाकर सिदरी के डीएसपी एके सिन्हा, धनबाद जीआरपी के डीएसपी संजीव कुमार बेसरा, आरपीएफ इंस्पेक्टर अविनाश करेसिया, बलियापुर थाना प्रभारी गोपाल चंद्र घोषाल, जीआरपी पाथरडीह थाना प्रभारी बिपनेश मिश्रा, गौशाला ओपी प्रभारी लक्ष्मेश्वर चौधरी, एसआइबी के सुनील राम, सीआइबी के एसटी राय पुलिस के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। घटना स्थल का मुआयना कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस शव के शिनाख्त में लगी है। स्थानीय लोगों ने परिस्थिति के अनुसार किशोर की हत्या की आशंका जताई है। बताते हैं कि टाटा के रेलवे साइडिग से 59 वैगनों का एक रैक क्लिंकर लोड कर सिदरी एसीसी सीमेंट प्लांट के लिए निकलकर शुक्रवार को पाथरडीह पहुंचा था। इसे शाम को सिदरी मार्शलिग यार्ड के रेलवे साइडिग के समीप खड़ा किया गया था। शनिवार को निरीक्षण के दौरान मार्शलिग यार्ड के इंचार्ज प्रदीप मंडल ने वैगन से एक किशोर का शव लटका देखा। इसकी सूचना मार्शलिग यार्ड के स्टेशन मास्टर एमके सिंह को दी। वैगन में किशोर का शव मिलने की सूचना से लोगों की भीड़ जुट गई।
वैगन के रस्सी से झूल रहा था किशोर का शव
रेलवे वैगनों में एसीसी प्लांट का क्लिंकर लदा हुआ है। इसे प्लास्टिक के त्रिपाल से ढंक कर रस्सी से बांधा गया था। वैगन में बंधी रस्सी को खोलकर उसी रस्सी का फंदा बनाकर किशोर के गले में बंधा था। किशोर का शव घुटनों से नीचे रेलवे ट्रैक के किनारों पर पड़ा था। दोनों ही पैर में हल्की चोट के निशान थे। खून भी दिख रहा था। नीले रंग की टीशर्ट, छाई रंग का हाफ पैंट पहने था। पुलिस ने पैंट की पॉकेट में दो सेंटरफ्रेस, काले रंग की मास्क व दस रुपये बरामद की है। पैरों में चप्पल है। रस्सी से काफी देर तक लटकने के कारण गर्दन काफी अंदर धंस गया था। शव भी काफी अकड़ गया था।
..
रहस्यमय परिस्थितियों में वैगन की रस्सी से लटकता युवक का शव पाया गया है। मृतक युवक की शिनाख्त नही हो पाई है। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो पायेगा।
- संजीव कुमार बेसरा, डीएसपी जीआरपी धनबाद।
..
प्रथम दृष्टया मामला फांसी का लगता है। परंतु शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चलेगा। पुलिस छानबीन में लगी है।
- एके सिन्हा, डीएसपी सिदरी।