पुलिस को चकमा देकर भाग निकला युवक
संस कुमारधुबी कुमारधुबी ओपी क्षेत्र में एक महिला को उसका पड़ोसी युवक कई माह से परेश्
संस, कुमारधुबी : कुमारधुबी ओपी क्षेत्र में एक महिला को उसका पड़ोसी युवक कई माह से परेशान कर रहा है। महिला को अकेला पाकर रात में बुरी नीयत से घर पर हमला बोल देता है। यदि महिला या गांव का कोई विरोध करता है तो गाली गलौज कर मारपीट पर उतारू हो जाता है। शनिवार की रात भी उसने महिला के घर पर धावा बोल दिया। घर के दरवाजा को धक्का दिया और तोड़ने का प्रयास किया। बाहर निकली तो देखा कि वह शराब के नशे में था और निर्वस्त्र था। एक युवक ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उससे भी उलझ गया। महिला दौड़ी भागी कुमारधुबी ओपी पहुंची। थानेदार से युवक की करतूत की शिकायत की और उससे बचाने की गुहार लगायी। पुलिस हरकत में आयी और शराबी और बदमाश युवक को पकड़कर ओपी ले आयी। उसे हाजत में बंद कर दिया। पूछताछ में उसने अपनी गलती स्वीकार की। थानेदार को विश्वास में लेकर कहा कि अब वह ऐसी गलती नहीं करेगा। थानेदार ने सुबह उसे हाजत से बाहर निकाला और खाना खिलाया। एक भाजपा युवा नेता के माध्यम से उसके परिजन को बुलाने को कहा। इसके बाद वह युवक खाना खाकर पत्तल बाहर फेंकने गया और भाग निकला। जिससे पुलिस के प्रति महिला का आक्रोश है। वह डरी और सहमी हुई है कि युवक उस पर जानलेवा हमला भी कर सकता है। ओपी प्रभारी पुरुषोत्तम कुमार ने कहा कि गलती पर माफी मांगने के बाद उसे बांड पर छोड़ने की बात थी, लेकिन पत्तल फेंकने के बहाने वह पुलिस को चकमा देकर भाग गया। महिला यदि लिखित शिकायत देती है तो एफआइआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा।