LockDown : क्रिकेटर नदीम को नहीं मिली पं बंगाल आने की अनुमति, पत्नी के इलाज को जाना है कोलकाता Dhanbad News
क्रिकेटर शाहबाज नदीम लॉकडाउन के कारण झरिया में फंसे हैं। उन्हें अपनी पत्नी के इलाज के लिए कोलकाता जाना है लेकिन पंश्चिम बंगाल सरकार की ओर से स्वीकृति नहीं मिलने से परेशान हैं।
धनबाद, [गोविन्द नाथ शर्मा]। क्रिकेटर शाहबाज नदीम लॉकडाउन के कारण एक माह से झरिया स्थित अपने ससुराल में परिवार के साथ फंसे हैं। उन्हें अपनी पत्नी की इलाज के लिए कोलकाता जाना है, लेकिन पंश्चिम बंगाल सरकार की ओर से स्वीकृति नहीं मिलने से परेशान हैं। कोलकाता में रहनेवाले नदीम पारिवारिक समारोह में 19 मार्च को झरिया अपने ससुराल पहुंचे थे। लॉकडाउन के कारण यहां से फिर कोलकाता नहीं जा सके। लॉकडाउन के बीच में ही उनकी पत्नी सना अख्तर पिंकी की तबियत खराब हो गई। सना का इलाज कोलकाता स्थित अस्पताल चल रहा है।
झारखंड सरकार व धनबाद जिला प्रशासन की ओर से क्रिकेटर नदीम को कोलकाता अस्पताल में जाने की स्वीकृति मिल गई। लेकिन बंगाल सरकार की ओर से स्वीकृति नहीं मिलने से परेशान हैं। बंगाल की ममता बनर्जी सरकार लॉकडाउन के कारण फिलहाल यहां आने की अनुमति नहीं दी है। हालांकि, नदीम का कहना है कि बंगाल सरकार के संपर्क में है। अगले कुछ दिनों में कोलकाता जाने की स्वीकृति मिल जायेगी।
पत्नी को है लीवर की बीमारी : भारतीय गेंदबाज नदीम ने बताया कि पत्नी को लीवर की बीमारी है। उनका इलाज कोलकाता के एक अस्पताल से होता रहा है। पत्नी की हालत इनदिनों थोड़ी खराब हो गई। समस्या दिख रही है। इसलिए कोलकाता अस्पताल में दिखाने के लिए जाना चाह रहे थे। लॉकडाउन के कारण परेशानी हो रही है। आशा है अगले कुछ दिनों में बंगाल सरकार कोलकाता आने की अनुमति प्रदान कर देगी।
लॉकडाउन में 550 गरीबों को बांटे अनाज : भारत के लिए एक मात्र टेस्ट खेलने वाले शाहबाज नदीम ने कहा कि कोरोना महामारी और लॉकडाउन के बीच मजलूमों, निर्धनों, गरीबों, असहायो व जरूरतमंदों को हर तरह से मदद करना ही मानवता है। समर्थ लोग देश में इस संकट के समय उदारता पूर्वक आगे आकर निर्धनों को खाद्यान, भोजन व आवश्यक सामानों से जरूरतमंदों को जरुर मदद करें। झरिया के लगभग 550 निर्धनों के बीच नदीम अब तक अनाज बांट चुके हैं।