Lok Sabha Election 2019: माकपा ने पकड़ी अपनी लाइन, धनबाद में कांग्रेस तो गिरिडीह में झामुमो के साथ
गोपी कांत बक्शी ने कहा कि मोदी सरकार ने संवैधानिक संस्थाओं पर लगातार हमला किया है। देश में घृणा का वातावरण बनाने का प्रयास किया गया।
धनबाद, जेएनएन। माकपा ने धनबाद में कांग्रेस और गिरिडीह संसदीय क्षेत्र में झामुमो को समर्थन का एलान किया। माकपा के राज्य सचिव मंडल सदस्य राम चंद्र ठाकुर, कामरेड एस के बक्शी एवं जिला सचिव सुरेश गुप्ता की मौजूदगी में राज्य सचिव गोपी कांत बक्शी ने यह घोषणा की। गोपी कांत ने कहा कि भाजपा को हराने के लिए विरोधी वोटों में बिखराव नहीं होना चाहिए।
धनबाद के अग्रसेन भवन में माकपा के प्रमुख नेताओं और कैडरों ने शनिवार को लोकसभा चुनाव के संदर्भ में बैठक की। चिंतन-मंथन के बाद संवाददाता सम्मेलन में गोपी कांत बक्शी ने कहा कि मोदी सरकार ने संवैधानिक संस्थाओं पर लगातार हमला किया है। देश में घृणा का वातावरण बनाने का प्रयास किया गया। कमजोर लोगों पर अत्याचार किए गए हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की नीति एक एक कर सारे सार्वजनिक प्रतिष्ठानों को बंद करने की है। भाजपा के राज में सिंदरी उर्वरक कारखाना बंद हो गया। धनबाद पाथरडीह रेल लाइन उजड़ गई। कोयला उद्योग में आउट सोर्सिंग के कारण गुंडागर्दी बढ़ गई है।
उन्होंने कहा कि धनबाद और गिरिडीह में माकपा स्वतंत्र तौर पर चुनाव प्रचार अभियान चलाएगी। कारण यह है कि वह किसी गठबंधन का हिस्सा नहीं है। संवाददाता सम्मेलन में शिव बालक पासवान, मानस चटर्जी, गणेश धार, शिव कुमार सिंह, सपन माझी, गोपाल लाल, भगवान दास, तुलसी रवानी, परशुराम महतो, निमाई मुखर्जी, जैनुल अंसारी, राम बालक, संतोष महतो थे।