Covid-19 Hospital Dhanbad: कोरोना मरीज की माैत से पहले की सामने आई तस्वीर, सांसद ने कहा, हादसे की जांच जरूरी
Covid-19 Hospital Dhanbad धनबाद के सांसद पीएन सिंह ने कहा है कि मामला संदेहास्पद लग रहा है। इसकी जांच होनी चाहिए। सही बात जनता के सामने आए ताकि लोग भयभीत न हों।
धनबाद, जेएनएन। कोविड-19 अस्पताल (Central Hospital, BCCL) में शुक्रवार को झरिया के एक 55 वर्षीय कोरोना मरीज की माैत हो गई। धनबाद के कोविड अस्पताल में मरीज की माैत के बाद उसके अगल-बगल के बेड पर माैजूद मरीजों के माध्यम से जो खबर बाहर आई वह लापरवाही की हद है। मरीज को सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। उसने अस्पताल में माैजूद स्वास्थ्यकर्मियों से ऑक्सीजन लगाने की अपील की। वार्ड ब्वॉय ने सिलेंडर लाकर सामने रख दिया गया। डॉक्टर और नर्सों ने सिलेंडर लगाने की जरूरत नहीं समझी। जान बचाने के लिए मरीज ने खुद ही आक्सीजन मास्क लगाने की कोशिश की। इस दाैरान नोजल फट गया। जोरदार धमाके और झटके से मरीज की तबीयत बिगड़ गई। वह दो-तीन घंटे तक तड़पता रहा। इसके बाद उसकी माैत हो गई। यह खबर जब बाहर निकली तो अस्पताल प्रबंधन बचाव में जुट गया।
प्रशासन का दावा, तबीयत अत्यधिक खराब होने से हुई माैत
अस्पताल से जिला प्रशासन को रिपोर्ट की गई कि मरीज की सामान्य माैत है। आक्सीजन का नोजल फटने से माैत नहीं हुई है। उपायुक्त उमाशंकर सिंह ने भी बयान दिया कि मरीज की मृत्यु तबीयत अत्यधिक खराब होने से हुई है। ऑक्सीजन सिलेंडर और नोजल फटने की बात महज अफवाह है। कोविड अस्पताल के नोडल पदाधिकारी डॉ. आलोक विश्वकर्मा का कहना है कि मरीज की तबीयत खराब थी। उसे रिम्स रेफर किया गया था। मरीज की तबीयत अत्यधिक खराब होने की जानकारी परिजनों को दी गई थी। दूसरी तरफ मरीज की माैत से तुंरत पहले की एक तस्वीर सामने आई है। इस तस्वीर में मरीज ऑक्सीजन के सिलेंडर पर हाथ रखे हुए है। यह तस्वीर अपने आप बहुत कुछ बयां कर रही है। घटना के बाद आक्सीजन के सिलेंडर वार्ड से हटाकर बाहर रख दिया गया।
सांसद ने की नोजल फटने की घटना की जांच की मांग, कहा- मृतक को मिले मुआवजा
धनबाद सांसद पीएन सिंह ने कोविड-19 हॉस्पिटल में शुक्रवार को हुए एक संक्रमित की मृत्यु पर शोक जताया है। कहा है कि इसमें परिजनों का कहना है कि ऑक्सीजन सिलेंडर का नोजल फटने से मृत्यु हुई है। दूसरी तरफ प्रशासन इससे साफ मुकर रहा। मामला संदेहास्पद लग रहा है। इसकी जांच होनी चाहिए। सही बात जनता के सामने आए ताकि लोग भयभीत न हों। उन्होंने कहा कि यह तो जाहिर है कि मौत सरकारी अव्यवस्था व सही इलाज के अभाव में हुई है। तत्काल उसकी मदद को भी कोई नहीं पहुंचा। लिहाजा मृतक को मुआवजा मिलना चाहिए। सांसद ने कहा कि कोविड-19 हॉस्पिटल की अव्यवस्था पर जो खबरें आई हैं उसके कारण रोगी संक्रमित होने के बाद भी वहां नहीं जाना चाहते। सर्वाधिक शिकायत इस बात की रहती है कि वहां चिकित्सक व चिकित्साकर्मी मरीज की जांच कर इलाज नहीं करते। सिर्फ सर्दी-बुखार की दवा दे दी जाती है। अन्य बीमारी होने पर उसका इलाज नहीं होता जिससे रोगियों की मौत हो जाती है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने भी लगाया लापरवाही का आरोप, जांच की मांग की
धनबाद जिला कांग्रेस अध्यक्ष ब्रजेंद्र प्रसाद सिंह ने भी कोरोना मरीज की माैत के लिए कोविड अस्पताल में कुव्यवस्था और लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि प्रशासन को मामले की जांच करानी चाहिए। जांच से स्थिति साफ हो जाएगी।