Neeraj singh murder case: अदालत में नहीं उपस्थित हुए अनुसंधानकर्ता, सुनवाई स्थगित
21 मार्च 2017 को गोली मारकर नीरज सिंह समेत चार लोगों की हत्या कर दी गई थी।
धनबाद , जेएनएन। पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह हत्याकाड में धनबाद जेल में बंद झरिया विधायक संजीव सिंह, पिंटू सिंह, धनंजय सिंह, अमन सिंह, डब्लू मिश्रा, रोहित, कुर्बान, पंकज सिंह, विनोद सिंह, सतीश सिंह एवं शूटर सप्लायर रिंकू सिंह को कड़ी सुरक्षा में जिला एवं सत्र न्यायाधीश आलोक कुमार दुबे की अदालत में पेश किया गया। मामला अनुसंधानकर्ता निरंजन तिवारी के प्रति परीक्षण के लिए निर्धारित था। लेकिन अनुसंधानकर्ता निरंजन तिवारी अदालत में उपस्थित नहीं हुए। लोक अभियोजक बीडी पाडेय ने आवेदन देकर कहा कि अनुसंधानकर्ता चुनावी ड्यूटी में व्यस्त रहने के कारण नहीं आ पाए हैं। अदालत ने सुनवाई के लिए अगली तारीख निर्धारित कर दी है।
झरिया की जनता का जताया आभार : मीडिया से बात करते हुए विधायक संजीव सिंह ने कहा कि भले ही चुनाव के दौरान वह जेल में बंद थे। लेकिन अखबार एवं अन्य माध्यमों से जो उन्हें जानकारी मिली, वह काफी उत्साहित करने वाली है। उन्होंने कहा कि झरिया की जनता ने बेखौफ होकर मतदान किया है। बेहतर झरिया बनाने के लिए उन्होंने एक बार फिर से भाजपा पर भरोसा जताया है। इसके लिए उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं समेत झरिया की जनता को धन्यवाद दिया।