'यूपी ही नहीं पूरा देश चाहता अयोध्या में शीघ्र शुरू हो श्रीराम मंदिर निर्माण'
जिस तरह पूर्व मुख्यमंत्री बीर बहादुर सिंह ने यूपी का विकास किया था, उसी तरह योगी भी काम कर रहे हैं।
धनबाद, जेएनएन। उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री बाहुबली अमरमणि त्रिपाठी के विधायक बेटे अमनमणि त्रिपाठी ने अध्यादेश लाकर अयोध्या में शीघ्र श्रीराम मंदिर निर्माण की वकालत की है। उन्होंने कहा है कि उत्तर प्रदेश ही नहीं पूरा देश चाहता है कि शीघ्र अतिशीघ्र श्रीराम जन्मस्थान पर श्रीराम मंदिर का निर्माण शुरू हो।
यूपी के महाराजगंज जिले के नाैतनवा विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय विधायक अमनमणि त्रिपाठी बुधवार को निजी दाैरे पर धनबाद आए थे। उन्होंने झारखंड प्रदेश कांग्रेस के सचिव रणविजय सिंह के सिजुआ मोड़ स्थित आवास पर मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि हिंदू, सिख और इसाई के साथ ही ज्यादातर मुसलमान भी अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण के पक्ष में हैं।
योगी की वीर बहादुर सिंह से तुलनाः यूपी की योगी सरकार के क्रियाकलापों पर संतुष्टि जताते हुए कहा कि अच्छे काम हो रहे हैं। उन्होंने योगी सरकार की तुलना पूर्व की कांग्रेसी सरकारों से किया। उन्होंने कहा कि जिस तरह पूर्व मुख्यमंत्री बीर बहादुर सिंह ने विकास किया था, उसी तरह योगी भी काम कर रहे हैं। बोकारो के एक कार्यक्रम में शिरकत करने के बाद प्रदेश सचिव रणविजय से मिलने विधायक अमन सिजुआ आए थे। इस माैके पर त्रिपाठी का जोरदार स्वागत किया गया।