धनबाद में Corona Vaccine का संकट जारी, आज सिर्फ 9 केंद्रों पर लगेगा टीका; यहां देखें टीकाकरण केंद्रों की सूची
धनबाद में कोरोना वैक्सीन का संकट जारी है। मुख्यालय रांची से मांग के अनुसार वैक्सीन मिल नहीं रही है। इस कारण ज्यादातर टीकाकरण केंद्र बंद कर दिए हैं। सोमवार को धनबाद में सिर्फ नाै केंद्रों पर ही टीका मिलेंगे। उपायुक्त संदीप सिंह ने टीकाकरण केंद्रों की सूची जारी की है।
जागरण संवाददाता, धनबाद। जिले में एक बार फिर कोरोना वैक्सीन की भारी कमी हो गई है। वैक्सीन की कमी की वजह से सोमवार को मात्र 9 जगहों पर ही टीकाकरण केंद्र खोले गए हैं। जबकि 71 टीकाकरण केंद्रों को बंद किया गया है। जिले में नियमित तौर पर 80 टीकाकरण केंद्रों पर लाभुकों को टीका लगाया जाता है। लेकिन मुख्यालय रांची से वैक्सीन उपलब्ध नहीं होने की वजह से इन केंद्रों को बंद करना पड़ा है। ऐसे में आज टीका के लिए लोगों को भटकना पड़ेगा।
9 अगस्त को धनबाद जिले के निम्न केंद्रों पर कोरोना टीकाकरण शिविर का आयोजन किया जाएगा। pic.twitter.com/TIFNvQn0QO
— DC Dhanbad (@dc_dhanbad) August 8, 2021
धनबाद में अब तक 7.45 लाख लोगों ने लिया गया वैक्सीन
धनबाद में अब तक 7.45 लोगों ने कोरोना वैक्सीन ली है। हालांकि इसमें सबसे ज्यादा परेशानी पहला डोज लेने वाले लोगों को हो रही है। इन लोगों को अब समय पर दूसरा डोज नहीं मिल पा रहा है। इस वजह से यह लोग आए दिन विभाग से संपर्क करके दूसरे डोज के बारे में पता कर रहे हैं। लगभग 1.90 लाख लोगों ने ही दूसरा डोज का टीका लिया है। जिला टीकाकरण पदाधिकारी डॉ. विकास राणा ने बताया कि पर्याप्त मात्रा में टीका आने के बाद अन्य टीकाकरण केंद्रों को खोल दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि मुख्यालय से धनबाद को वैक्सीन का आवंटन कम हो रहा है। यही वजह है कि टीकाकरण में परेशानी हो रही है।
ग्रामीण क्षेत्रों में फिर से वेन से टीकाकरण
डॉ राणा ने बताया कि टीकाकरण को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों पर भी विशेष फोकस किया गया है। यहां टीकाकरण केंद्र खोलने के साथ ही अलग से मोबाइल वैन भी लगाया जा रहा है। अब इसकी संख्या भी बढ़ा दी जाएगी। इसके लिए अलग से मेडिकल टीम तैनात की जा रही है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में जहां दूसरे डोज की जरूरत है। वहां मोबाइल वैन से टीका लगाया जाएगा। इसकी भी तैयारी हो रही है।