Coronavirus News Update: पहली बार धनबाद में कोरोना का सामुदायिक संक्रमण, पॉजिटिव डॉक्टर के संपर्क में आने वाले दहशत में
कोरोना वायरस से संक्रमित डॉक्टर की बड़ी बेटी कोला कुसमा के एक निजी बैंक में काम करती है। लगभग एक सौ लोग उसके संपर्क में आए हैं। बैंक में काम करने वाले संक्रमण को लेकर चिंतित हैं।
धनबाद, जेएनएन। Coronavirus in Dhanbad News Update: धनबाद में पहली बार कोरोना वायरस के सामुदायिक संक्रमण का मामला सामने आया है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) निरसा के प्रभारी डॉ. एसके गुप्ता के संपर्क में आने वाले भी जांच में पॉजिटिव पाए गए हैं। डॉ. गुप्ता के परिवार के सात लोगों में संक्रमण पाया गया है। इनमें डॉ. की पत्नी, दो बेटी और एक बेटा है। वहीं, डॉक्टर के झरिया स्थित ससुराल में दो साली और सास भी संक्रमित पाई गई। मंगलवार को सभी मरीजों को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सेंट्रल अस्पताल (कोविड-19) में भर्ती कराया। हालांकि स्वास्थ्य विभाग फिलहाल इस प्रकरण का सामुदायिक संक्रमण मानने के लिए तैयार नहीं है। उसका कहना है कि जांच की जा रही है।
संक्रमण की जांच के लिए तेज हुआ सर्वे
धनबाद में कोरोना वायरस का यह पहला मामला है। जब एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में वायरस ने अपनी जगह बना ली है। इससे पहले कई ऐसे मरीज मिले जो, पॉजिटिव रहते अपने घर पर थे, लेकिन जांच में उनके परिजनों की रिपोर्ट नेगेटिव मिली थी। डॉक्टर और उनके परिजनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सर्वे तेज कर दी है। फिलहाल डॉक्टर और उनके परिजनों से जानकारी जुटाई जा रही है। निरसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एहतियात बरतने का निर्देश सिविल सर्जन ने दिया है। फिलहाल मरीजों को चिन्हित करना सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है। उन्होंने लोगों से भी अपील की है कि बेवजह बाहर नहीं निकलें, शारीरिक दूरी का पालन करें।
सभी लोगों को कराया गया सेंटल अस्पताल में भर्ती
कोरोना पॉजिटिव निरसा के चिकित्सा प्रभारी डॉ. एसके गुप्ता के परिवार के सात लोगों में भी संक्रमण पाया गया है। इनमें डॉ. गुप्ता की पत्नी, दो बेटी और एक बेटा है। वहीं, डॉक्टर के झरिया स्थित ससुराल में दो साली और सास भी संक्रमित पाई गई। मंगलवार को सभी मरीजों को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सेंट्रल अस्पताल (कोविड-19) में भर्ती कराया। इससे पहले चिकित्सा प्रभारी के संपर्क में आने वाले करीब 70 लोगों की जांच की गई। इस दौरान पता चला कि स्वास्थ्य विभाग से जुड़े 38 लोगों के संपर्क में वह आए थे। उनके परिजनों का भी स्वाब संग्रह किया गया था। बता दें कि कोलकाता से बेटा-बेटी के साथ लौटने के बाद डॉ गुप्ता ने 18 जून को धनबाद में स्वाब की जांच कराई थी। 20 जून तक वह सिविल सर्जन कार्यालय, ससुराल, कोलाकुसमा स्थित अपने क्लीनिक और निरसा सीएचसी जाते रहे। उपायुक्त अमित कुमार ने सात मरीजों के मिलने की पुष्टि की। उनकी बड़ी बेटी कोलाकुसमा स्थित एक निजी बैंक में काम करती हैं। इस कारण बैंक में भी हड़कंप है।
डॉक्टर की संक्रमित बेटी बैंक में, 100 लोग संक्रमण के दायरे में
कोरोना वायरस से संक्रमित डॉक्टर की बड़ी बेटी कोला कुसमा के एक निजी बैंक में काम करती है। अब बैंक से जुड़े लगभग एक सौ लोग संक्रमण को लेकर चिंतित हैं। बैंक में काम करने वाले लोगों में हड़कंप मच गया। देर शाम बैंक के लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से संपर्क किया। रात में लगभग दो दर्जन लोगों का स्वाब संग्रह किया गया। इसके साथ ही अन्य संदिग्ध लोगों को सदर अस्पताल तलब किया गया है। बताया जाता है कि बड़ी बेटी बैंक में लगातार काम करने जा रही थी। इस दौरान बैंक में आने वाले ग्राहकों से भी डीलिंग की गई। हालांकि बैंक में शारीरिक दूरी का पालन का ख्याल रखा गया। लेकिन कितने लोग संपर्क में आए हैं, देर रात इसकी खोजबीन की जाती रही।
झरिया में हुई थी पार्टी, 50 से ज्यादा संक्रमित की आशंका
कोलकाता से लौटने के बाद डॉक्टर एस के गुप्ता झरिया अपने ससुराल गए थे। बताया जाता है कि झरिया में एक घरेलू पार्टी हुई थी। इस पार्टी में परिवार के सदस्यों ससुराल के लोग और अन्य परिचित शामिल हुए थे। अनुमान जताया गया है कि इस में लगभग 50 से अधिक लोग संपर्क में आए हैं। प्रशासन की अपील के बाद संपर्क में आने वाले लोग स्वास्थ विभाग से संपर्क करना शुरू किया है। देर रात तक लोग स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के संपर्क में रहे। स्वास्थ विभाग लोगों को स्वाब जांच के लिए सदर अस्पताल और पीएमसीएच में बुलाया है।
छोटा बेटा भी गया था बाजार
इतना नहीं इतना ही नहीं स्वास्थ विभाग के सूत्रों ने बताया कि डॉ गुप्ता के छोटे बेटे भी इस दौरान बाजार गया था। देर रात तक स्वास्थ्य विभाग की टीम सेंटर अस्पताल में परिजनों से संपर्क के बारे में जानकारी दी जुटाती रही। अब स्वास्थ्य विभाग की टीम संबंधित इलाकों में घर-घर तैयारी करने जा रही है। बैंक में काम करने वाले लोग और उसके नाम, पते एकत्र किए जा रहे हैं। डॉ गुप्ता के क्लीनिक कोला कुसमा से लेकर बैंक तक बसे लोगों का सर्वे किया जाएगा। दूरी ओर, जिला प्रशासन ने अपील की है कि चिकित्सक से संपर्क आने वाले लोग स्वास्थ्य विभाग को सूचित करें। बाहर से आने वाले लोग भी जानकारी स्वास्थ्य विभाग को दें। सूचना नहीं होने वालों पर कार्रवाई हो सकती है। प्रशासन ने सहयोग की अपील की है।
फिलहाल समुदायिक संक्रमण कहना जल्दबाजी होगी। इस पर अभी जांच हो रही है। जांच के बाद ही ज्यादा कुछ बता सकते हैं। फिलहाल मरीजों को चिन्हित करना सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है। उन्होंने लोगों से भी अपील की है कि बेवजह बाहर नहीं निकलें, शारीरिक दूरी का पालन करें।
-डॉक्टर गोपाल दास, सिविल सर्जन, धनबाद