सीबीआइ कार्यालय के सामने कांग्रेसियों ने की अजीब हरकत, बने हंसी के पात्र
कांग्रेसी कैमरा के आगे फोटो खींचवाने को लेकर तू-तू मैं-मैं कर बैठे। प्रदर्शन के दौरान जिला मीडिया प्रभारी मनोज सिंह व वरिष्ठ कांग्रेसी मदन महतो के बीच गरमागरमी हो गई।
धनबाद, जेएनएन। सीबीआइ के अंदर छिड़े महाभारत के बहाने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार को घेरने के लिए कांग्रेस के राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम के तहत गुरुवार को धनबाद में कांग्रेसी हंसी के पात्र बन गए। वे धनबाद के सीबीआइ कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करने पहुंचे थे। फोटो खिंचवाने के लिए आपस में ही भिड़ गए। इस दाैरान जिला कांग्रेस के मीडिया प्रभारी मनोज सिंह और वरिष्ठ कांग्रेस नेता मदन के महतो के बीच तू-तू मैं-मैं हुई।
राफेल साैदे की जांच प्रभावित करने की कोशिशः सीबीआइ निदेशक को रातों रात हटा दिए जाने और राफेल लड़ाकू विमान सौदा में हुए घोटाले को लेकर जिला कांग्रेस ने कार्मिक नगर स्थित सीबीआइ कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष ब्रजेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि राफेल साैदे की जांच प्रभावित करने के लिए सीबीआई निदेशक आलोक वर्मा को छुट्टी पर भेजा गया है। उन्होंने राफेल मामले की जांच नहीं कराने के लिए प्रधानमंत्री की खिंचाई की।
20 वोट भी नहीं ला सकते और आए हैं फोटो खिंचवानेः कुछ कांग्रेसी प्रदर्शन छोड़ आपस में ही उलझ बैठे। पूर्व कार्यक्रमों की तरह कांग्रेसी कैमरा के आगे फोटो खींचवाने को लेकर तू-तू मैं-मैं कर बैठे। प्रदर्शन के दौरान जिला मीडिया प्रभारी मनोज सिंह व वरिष्ठ कांग्रेसी मदन महतो के बीच गरमागरमी हो गई। मदन महतो के कटाक्ष पर मनोज सिंह उखड़ बैठे। मदन महतो ने मनोज सिंह पर कटाक्ष किया कि वे अपने क्षेत्र में 20 वोट नहीं ला सकते हैं, तो मनोज सिंह उलटा जवाब देते हुए कि खुद बरमसिया से 12 वोट नहीं ला सकते और चलें हैं राजनीति सिखाने। दोनों के बीच बढ़ता विवाद शांत करने के लिए वरिष्ठ कांग्रेसियों को सामने आना पड़ा। प्रदर्शन का नेतृत्व जिलाध्यक्ष ब्रजेंद्र प्रसाद सिंह ने किया। प्रदर्शन में पूर्व मंत्री ओपी लाल, सुरेश चंद्र झा, कार्यकारी जिलाध्यक्ष रवींद्र वर्मा, वरिष्ठ कांग्रेसी विजय सिंह, संतोष कुमार सिंह, रणविजय सिंह, बीके सिंह, प्रदेश युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष अभिजीत राज, शमशेर आलम, वरीय उपाध्यक्ष योगेंद्र सिंह योगी, राशिद रजा अंसारी, बाबू अंसारी, अनवर शमीम, मनोज यादव, अजय कुमार, कृट भूषण रूज, पप्पू पासवान, माला झा, मंटू दास, सतपाल सिंह ब्रोका आदि शामिल हुए।