पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के बयान की पूर्णिमा नीरज सिंह ने की निंदा, कहा- गरिमा को बनाए रखना बहुत जरूरी Dhanbad News
पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के बयान की भी पूर्णिमा नीरज सिंह ने निंदा की। उन्होंने कहा ऐसा बयान देने से बचना चाहिए था। हम उस जगह पर हैं जहां इस गरिमा को बनाए रखना बहुत जरूरी है। दास ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ अमार्यादित टिप्पणी की थी।
धनबाद, जेएनएन। झरिया विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह ने केंद्र की मोदी सरकार व पूर्व सीएम रघुवर दास पर जमकर हमला बोला। डीवीसी का बकाया काटे जाने के विरोध में गुरुवार को झरिया विधायक ने पत्रकार वार्ता में कहा कि झारखंड के साथ ज्यादती की जा रही है। 1417 करोड़ रुपये झारखंड का है। केंद्र की शह पर डीवीसी भी बीच-बीच में झारखंड को धमका रहा है। इसी का नतीजा था कि पिछले दिनों सात जिलों की बिजली काट दी गई थी। डीवीसी का झारखंड में छह प्लांट है, इसका पैसा झारखंड में खर्च होना चाहिए। भाजपा सांसद और विधायक इस मसले पर चुप्पी साधे हुए हैं। हाल ही में एनजीटी ने 113 करोड़ का दावा ठोक दिया, यह कौन भरेगा।
पूर्णिमा नीरज सिंह ने कहा कि एक साल पहले बने विधानसभा भवन की छत भी गिरने लगी है। झारखंड के साथ गलत हो रहा है और सभी चुप हैं। सभी पार्टियों के सांसद, विधायक और कार्यकर्ताओं को आवाज उठाना होगा। केंद्र सरकार हमारे हक का जीएसटी भी नहीं दे रही है। आज जो भी झारखंड के साथ हो रहा है, क्या यह संघीय ढांचे पर प्रहार नहीं है। जनता को सब पता है, दुमका और बेरमो के उपचुनाव में जवाब मिलेगा। भाजपा सरकार ने सिर्फ हर कार्य में ओवर इस्टीमेट बनाने का काम किया है। इसका जीता जागता उदाहरण चार लेन सड़क है। हमारी सरकार इसे बनाएगी, लेकिन कुछ संशोधन के बाद।
हाल ही में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के बयान की भी पूर्णिमा नीरज सिंह ने निंदा की। उन्होंने कहा ऐसा बयान देने से बचना चाहिए था। हम उस जगह पर हैं, जहां इस गरिमा को बनाए रखना बहुत जरूरी है। गौरतलब है कि इससे पहले केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास को नसीहत दी थी। उन्होंने यह नसीहत दास द्वारा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ अमार्यादित टिप्पणी के बाद दी है। उन्होंने कहा है कि राजनीति में जुबान फिसलना कतई ठीक नहीं है। जुबान फिसलने के परिणाम गंभीर हो जाते हैं।