कांग्रेस नेता जलेश्वर बोले- देश को दो मई का बेसब्री से इंतजार, राजनीति को एक नई दिशा देगा बंगाल चुनाव
बंगाल चुनाव को लेकर सियासी पारा भले पूरे देश का चढ़ा हो लेकिन बंगाल से सटे होने के कारण धनबाद में इसका एक अलग ही रंग देखने को मिल रहा है। यहां की मिट्टी में न सिर्फ बंगाल की सभ्यता-संस्कृति रची-बसी है बल्कि राजनीति में भी बंगाल की झलक है।
संवाद सहयोगी, लोयाबाद: बंगाल चुनाव को लेकर सियासी पारा भले पूरे देश का चढ़ा हो, लेकिन बंगाल से सटे होने के कारण धनबाद में इसका एक अलग ही रंग देखने को मिल रहा है। यहां की मिट्टी में न सिर्फ बंगाल की सभ्यता-संस्कृति रची-बसी है, बल्कि राजनीति में भी बंगाल की झलक है। अब जब बंगाल में चुनाव हो रहे हैं तो उसका सबसे अधिक असर धनबाद पर पड़ रहा है।
इसी बीच जिले के कांग्रेस नेता सह राज्य के पूर्व मंत्री जलेश्वर महतो ने बंगाल चुनाव के बहाने भाजपा पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि बंगाल में हाे रहा विधानसभा चुनाव पूरे देश की राजनीति को एक नई दिशा प्रदान करेगा। जलेश्वर ने कहा कि देश की जनता को दो मई का बेसब्री से इंतजार है। अब भाजपा के झूठी बातों और झूठे दावों में बंगाल क्या, झारखंड समेत पूरे देश की जनता आने वाली नही है। पूर्व मंत्री जलेश्वर महतो सोमवार की शाम लोयाबाद पांच नंबर में कांग्रेस कार्यकर्ता डब्लू पासवान के घर पर पत्रकारों से बात कर रहे थे। जलेश्वर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी देश के लोकतंत्र की मर्यादा को तार-तार करती जा रही है। यह लोकतंत्र के लिए घातक है।
मालूम हो कि जिस डब्लू पासवान के घर पर जलेश्वर बैठक कर रहे थे, उसका भी नाम एकड़ा में हुई मारपीट की घटना में सामने आया है। इस पर पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताई है। मौके पर कांग्रेस नेता असलम मंसूरी, राजकुमार महतो, बिजेंद्र पासवान, प्रदीप गुप्ता, कारू गुप्ता, गणेश साव, रामेश्वर तुरी, शमसाद अहमद आदि मौजूद थे।