सरस्वती शिशु विद्या मंदिर बाघमारा व सिनीडीह में सामूहिक सूर्य नमस्कार का आयोजन
आजादी का अमृत महोत्सव के तहत 75 करोड़ सूर्य नमस्कार अभियान में क्रीड़ा भारती एवं योगासना स्पोर्ट्स एसोसिएशन ने सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में सूर्य नमस्कार का आयोजन किया।
बाघमारा- नावागढ़ : आजादी का अमृत महोत्सव के तहत 75 करोड़ सूर्य नमस्कार अभियान में क्रीड़ा भारती एवं योगासना स्पोर्ट्स एसोसिएशन ने सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में सूर्य नमस्कार का आयोजन किया। प्रांतीय योग सह प्रमुख अजीत तिवारी, आचार्य नवल किशोर सिंह के दिशा निर्देशन में 90 की संख्या में सूर्य नमस्कार प्रतिदिन किया जा रहा है। प्राचार्य संतोष कुमार झा ने विद्यार्थियों को सूर्य नमस्कार के महत्व एवं लाभ के बारे में बताया। साथ ही साथ सभी व्यक्ति को प्रतिदिन सूर्य नमस्कार करने के लिए भी प्रेरित किया। व्यक्ति के जीवन में सूर्य नमस्कार से होने वाले अभूतपूर्व प्रभाव की भी जानकारी उन्होंने दी। इस अभियान में छात्र छात्राओं को आफलाइन व आनलाइन दोनों तरह से सूर्य नमस्कार करवाया जा रहा है। खेल शिक्षक सह योगासन स्पोर्टस एसोशिएशन धनबाद के जिला संयोजक कुणाल कुमार मौजूद थे। नावागढ़ : सरस्वती विद्या मंदिर, सिनीडीह में शनिवार को आयोजित सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम में विद्यालय के सभी आचार्यो ने आफलाइन एवं लगभग 700 विद्यार्थियों ने आनलाइन सूर्य नमस्कार में भाग लिया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य सुनील कुमार सिंह ने कहा कि सूर्य नमस्कार ही शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। सूर्य नमस्कार से सहनशीलता का गुण विकसित होता है। योग प्रमुख आचार्य मुरारी प्रसाद ने कहा कि सूर्य नमस्कार संपूर्ण योग है, जिससे व्यक्ति में सहनशीलता के साथ ही साथ संपूर्ण मानवीय गुणों का विकास होता है। उन्होंने बताया कि 75 करोड़ सूर्य नमस्कार करने का अभियान का आज अंतिम कार्य दिवस था। यह अभियान भारत के उन महान सपूतों को समर्पित है, जिन्होंने आजादी के लिए हंसते-हंसते अपने प्राणों की बाजी लगा दी थी। यह अभियान भारत को एक शक्तिशाली राष्ट्र बनाने का संकल्प है।