बिना सूचना छुट्टी पर गए कोल कर्मियों को नहीं मिलेगा वेतन, विभागीय कार्य से भी बाहर फंसे होने पर नहीं मिलेगा अलाउंस Dhanbad News
कोल इंडिया ने आदेश जारी करते हुए ऐसे कर्मचारियों का वेतन कटाैती का निर्देश दिया है जो लॉक डाउन के दाैरान बिना सूचना दिए छुट्टी पर बाहर गए हैं।
धनबाद, जेएनएन। बिना सूचना दिए छुट्टी पर बाहर गए ऐसे कोल कर्मी जो लॉक डाउन की वजह से लौट नहीं पाए उन्हें वेतन नहीं मिल सकेगा। कोल इंडिया ने बुधवार को कार्यालय आदेश जारी करते हुए ऐसे कर्मचारियों का वेतन कटाैती का निर्देश सभी सब्सीडियरी कंपनियों को दिया है। कंपनी ने लॉक डाउन के दाैरान कार्यस्थल से दूर फंसे कर्मचारियों व अधिकारियों को चार वर्गों में बांटा है।
क्वारंटाइन कर्मचारियों को मिलेगा वेतन : ऐसे कर्मचारी जिन्हें सरकार अथवा चिकित्सा पदाधिकारियों ने क्वारंटाइन या होम क्वारंटाइन किया हो उन्हें वर्क एट होम पर भेजा जा सकता है। इस अवधि के लिए उन्हें पूरे वेतन के साथ विशेष छुट्टी भी दी जा सकती है। हालांकि उन्हें फिजिकल अटेंडेंस नहीं होने की वजह से उन्हें अटेंडेंस से संबंधित अलाउंस नहीं मिलेगा। इनमें वे कर्मचारी हैं जो कार्यक्षेत्र में लाैट चुके थे और क्वारंटाइन किए गए हैं।
छुट्टी पर गए कर्मचारियों को भी मिलेगी सुविधाएं : ऐसे कर्मचारी जिन्होंने लॉक डाउन से पहले पेड लीव लिया था और लॉक डाउन के कारण लीव समाप्त होने तक अपने कार्यस्थल पर लौट नहीं पाए उन्हें भी वर्क एट होम की सुविधा दी जा सकती है। उन्हें पूरे वेतन के साथ विशेष छुट्टी भी दी जा सकती है। हालांकि अटेंडेंस रिलेटेड अलाउंस उन्हें भी नहीं मिलेगा।
विभागीय कार्य से गए कर्मचारियों को भी नहीं मिलेगा अलाउंस : विभागीय कार्य से बाहर गए कर्मचारी जो लॉक डाउन की वजह से नहीं लाैट पाए उन्हें भी अटेंडेंस से रिलेटेड नाइट अलाउंस, ट्रांपोर्ट सब्सिडी, कन्विएंस अलाउंस नहीं दिया जाएगा। वर्क एट होम व पूरे वेतन के साथ विशेष छुट्टी की सुविधा मिल सकेगी।