Coal India: ई-स्वास्थ्य एप की मदद से रखा जाएगा सेवानिवृत्त कर्मियों की सेहत का ख्याल
एप के माध्यम से सेवानिवृत्त कोल कर्मी को जगह विशेष में कंपनी के अस्पताल डिस्पेंसरी की जानकारी मिलेगी। यह भी पता चलेगा कि उसने कितने मेडिकल बिल क्लेम किए हैं।
धनबाद, आशीष अंबष्ठ। कोल इंडिया की इकाई ईस्टर्न कोलफील्ड लिमिटेड ने अपने सेवानिवृत्त कोल कर्मियों की सेहत का ख्याल रखने को ई-स्वास्थ्य एप लांच किया है। चार जुलाई को शुरुआत हो गई है। ईसीएल की यह सुविधा कोल इंडिया को भा गई है। कोल इंडिया ने सभी इकाइयों में इसे लागू करने की तैयारी कर दी है। इससे तीन लाख सेवानिवृत्त कोल कर्मियों को फायदा होगा।
एप के माध्यम से सेवानिवृत्त कोल कर्मी को जगह विशेष में कंपनी के अस्पताल, डिस्पेंसरी की जानकारी मिलेगी। यह भी पता चलेगा कि उसने कितने मेडिकल बिल क्लेम किए हैं और पोस्ट रिटायरमेंट मेडिकल बेनीफिट स्कीम में उसके मद की कितनी रकम शेष है। इस एप को ईसीएल के सिस्टम डिपार्टमेंट में तैयार किया गया है। जो ईसीएल की वेबसाइट पर लोड कर दिया गया है। इसे गूगल प्ले स्टोर से लोड किया जा सकता है।
ईसीएल ने 15 सौ सेवानिवृत्त अधिकारियों व 21 सौ कर्मचारियों का नाम इस एप में जोड़ा है। नोटिस भी जारी किया है कि जिनका नाम दर्ज नहीं है वे ईसीएल मुख्यालय के सिस्टम विभाग में नाम जुड़वा दें। डिजिटल के दौर में ईसीएल ने भी इलाज की कैशलेस व्यवस्था की है।
यह है पोस्ट रिटायरमेंट मेडिकल बेनीफिट स्कीम :कोल इंडिया ने पोस्ट रिटायरमेंट मेडिकल बेनीफिट स्कीम बनाई है। इसके तहत कर्मियों को 40 हजार एक मुश्त जमा करना होता है। कंपनी अपनी ओर से 18 हजार रुपये मिलाकर 58 हजार रुपये के प्रीमियम से स्वास्थ्य बीमा करा देती है। उसका लाभ सेवानिवृत्त कर्मी व उसकी पत्नी को मिलता है। पांच लाख रुपये के इलाज तक की सुविधा मिलेगी। गंभीर बीमारी पर जितनी रकम लगेगी वह मिलेगी। अधिकारियों के लिए 25 लाख रुपये की सुविधा दी गई है। अधिकारियों के वेतन से कार्यकाल के दौरान ही प्रीमियम की राशि काटी जाती है।
ई-स्वास्थ्य एप देगा ये जानकारियां : अधिकारियों व कर्मियों को पोस्ट रिटायरमेंट मेडिकल बेनीफिट स्कीम के तहत मिलने वाली राशि के बारे में जानकारी मिलेगी। बीमार होने पर इलाज में हुए खर्च के बाद बची राशि की जानकारी मिलेगी। इलाज में कितना खर्च हुआ, अब कितनी राशि बची है इसका लेखाजोखा मिल जाएगा। देश के 500 अस्पतालों में इलाज की सुविधा मिलेगी। किस शहर में कंपनी की ओर से किस अस्पताल में सुविधा मिलेगी, कंपनी के अपने अस्पताल कहां हैं, यह एप से पता लगेगा। सेवानिवृत्त कर्मी अपना कंपनी से प्रदत्त नंबर एप पर डालेंगे तो उनको सारी जानकारी मिलेगी। दरअसल कोल इंडिया की झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, असम, छत्तीसगढ़ में उत्पादन स्थल व कार्यालय हैं। यहां देश कि विभिन्न राज्यों के लोग काम करते हैं। कर्मी सेवानिवृत्त होने के बाद अपने घर चले जाते हैं। उनके लिए यह एप बेहद कारगर होगा।
सेवानिवृत अधिकारियों व कर्मियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवा देने की दिशा में ई-स्वास्थ्य एप सटीक प्रयास है। सेवानिवृत्त कर्मियों को अब मोबाइल पर ही स्वास्थ्य सेवा से संबंधित सारी जानकारी मिलेगी। राजीव रंजन, -निदेशक कार्मिक, ईस्टर्न कोलफील्ड लिमिटेड