बरमसिया बाल सुधार गृह में दो गुटों में हुई मारपीट, सजायाफ्ता बंदियों ने सेल में प्रताड़ित करने का लगाया आरोप Dhanbad News
बरमसिया बाल सुधार गृह में सजायाफ्ता बंदियों और विचाराधीन बंदियों के गुट में पिछले दिनों से मनमुटाव चल रहा था। इसी को लेकर शुक्रवार की दोपहर दोनों गुटों ने एक दूसरे पर हमला बोल दिया। मारपीट की इस घटना में आधा दर्जन से अधिक बंदियों को चोट आई हैं।
धनबाद, जेएनएन। धनबाद के बरमसिया में स्थित बाल सुधार गृह में बंदियों के दो गुटों के बीच शुक्रवार को मारपीट हुई। इस घटना में दो बंदी घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए पीएमसीएच में भर्ती कराया गया है। इधर, मारपीट की सूचना पर सुधार गृह पहुंचे धनसार थाना प्रभारी जयराम प्रसाद ने मारपीट करने वाले छह बंदियों के खिलाफ धनसार थाना में प्राथमिकी दर्ज की है।
बताया जाता है कि बाल सुधार गृह में सजायाफ्ता बंदियों और विचाराधीन बंदियों के गुट में पिछले कई दिनों से मनमुटाव चल रहा था। इसी को लेकर शुक्रवार की दोपहर दोनों गुटों ने एक दूसरे पर हमला बोल दिया। मारपीट की इस घटना में आधा दर्जन से अधिक बंदियों को चोट आई हैं। इसमें से दो को पीएमसीएच में भर्ती कराना पड़ा।
इधर, सजायाफ्ता बंदियों ने मारपीट का आरोप विचाराधीन बंदियों पर लगाया है। उनका कहना है कि विचाराधीन बंदी गुट बनाकर उन्हें तंग करते हैं। सुधार गृह में सजा काट रहे ज्यादातर बंदी बाहर के हैं, जबकि विचाराधीन बंदी धनबाद के हैं। लोकल होने के कारण वे लोग हमपर धौंस जमाते हैं। साथ ही सेल में बंद बंदियों से अपने कपड़े धुलवाने सहित अन्य काम भी करवाते हैं। वे उनसे पैसे भी छीन लेते हैं और विरोध करने पर मारपीट करते है। बाल संप्रेषण गृह के अधिकारियों से कई बार इसकी शिकायत की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं की गई।
दूसरी जगह भेजने की मांग को लेकर भूख हड़ताल : शुक्रवार को मारपीट करनेवाले बंदियों को दूसरी जगह भेजे जाने की मांग को लेकर सजायाफ्ता बंदी भूख हड़ताल पर बैठ गए। धनसार थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं माने। उनका कहना है कि विचाराधीन बंदियों का दूसरे जगह स्थानांतरण नहीं होगा हड़ताल जारी रहेगा। वे लोग हमेशा प्रताड़ित करते है।
वरीय अधिकारियों को इस मामले की जानकारी दे दी गई है। बाल कैदियों के साथ मारपीट करने वाले छह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। -जयराम प्रसाद, धनसार थाना प्रभारी।