Move to Jagran APP

भरी महफिल में पूर्णिमा की किरकिरी... राज सिन्हा ने खोले 'राज'; मुंह ताकते रह गए रवींद्र नाथ

धनबाद सदर अस्पताल का श्रेय लेने के लिए झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो के सामने खूब राजनीति हुई। धनबाद के विधायक राज सिन्हा और झरिया की विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह भिड़ गए। टुंडी के विधायक मथुरा प्रसाद महतो को बीच-बचाव करना पड़ा।

By MritunjayEdited By: Published: Fri, 19 Feb 2021 11:13 AM (IST)Updated: Sat, 20 Feb 2021 09:23 AM (IST)
भरी महफिल में पूर्णिमा की किरकिरी... राज सिन्हा ने खोले 'राज'; मुंह ताकते रह गए रवींद्र नाथ
विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह, मथुरा महतो और राज सिन्हा ( फोटो जागरण)।

धनबाद, जेएनएन। यह किसी विधानसभा की कार्यवाही नहीं थी। लेकिन नजारा विधानसभा के अंदर विधायकों के बीच होने वाली तीखी बहस और झड़प जैसा ही था। कार्यक्रम में धनबाद सदर अस्पताल का श्रेय लेने के लिए झरिया की विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह और राज सिन्हा के बीच ठन गई। पूर्णिमा ने जब श्रेय लेने की कोशिश की तो राज आपे से बाहर आ गए। उन्होंने झरिया विधायक पर गलतबयानी करने का आरोप लगाया। बहस जब काफी तीखी हो गई तो टुंडी के विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने हस्तक्षेप करने हुए दोनों को शांत कराया। यह सब जब हो रहा था तो संयोग से झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो भी उपस्थित थे। हालांकि विधानसभा की कार्यवाही न होने के कारण अध्यक्ष ने हस्तक्षेप करने के बजाय इस श्रेय की राजनीति का मुस्कुराते हुए आनंद उठाया। 

loksabha election banner

 

क्या है मामला

गोविंदपुर स्थित वेडलॉक रिसोर्ट में गुरुवार की रात धनबाद शहर की समस्याओं पर केंद्रित करते हुए एक प्राइवेट चैनल की तरफ से कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। मुख्य अतिथि झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो थे। विधानसभा अध्यक्ष का सत्र समाप्त होने के बाद वह मंच से नीचे आकर अतिथियों की अग्रिम कतार में बैठ गए। इसके बाद मंच पर धनबाद के विधायक राज सिन्हा, टुंडी के विधायक मथुरा प्रसाद महतो, झरिया की विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह और धनबाद के निवर्तमान मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल को आमंत्रित किया गया। एक-एक कर सबने धनबाद के विकास के लिए अपने-अपने सुझाव देने शुरू किए। इस क्रम में झरिया की विधायक पूर्णिमा ने कहा-धनबाद में एक सदर अस्पताल तक नहीं था। अब मेरे प्रयास से चालू हुआ है। इसे लेकर विधानसभा में सवाल उठाया। इस पर धनबाद के विधायक राज सिन्हा भड़क गए। उन्होंने पूर्णिमा पर झूठ बोलने का आरोप लगाया। कहा-आपके विधायक बनने से पहले ही सदर अस्पताल चल रहा था। तत्कालीन मुख्यमंत्री रघुवर दास ने उद्घाटन किया था। पूर्णिमा झूठ मानने को तैयार नहीं थी। विधायक ने जोर देकर कहा कि झूठ और श्रेय की राजनीति मत कीजिए। 

 

पूर्व मंत्री मथुरा प्रसाद ने किया बीच-बचाव

विधायक राज सिन्हा और पूर्णिमा के बीच तीखी बहस के बीच पूर्व मंत्री मथुरा प्रसाद महतो ने बीच-बचाव किया। इसके बाद मामला शांत हुआ। पूर्णिमा ने कहा कि अस्पताल में डॉक्टरों की प्रतिनियुक्ति के लिए उन्होंने विधानसभा में सवाल उठाया है। इस पर राज ने कहा-हां, और डॉक्टरों की नियुक्ति की बात कीजिए। यह मत कहिए कि हमने सदर अस्पताल चालू करवाया है। इससे पहले झरिया के जल संकट के सवाल पर पूर्णिमा और धनबाद के निवर्तमान मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल के बीच भी गरम बहस हुई। अग्रवाल ने जल संकट दूर करने के लिए पीट वाटर योजना की जानकारी दी। इसे अनुपयोगी बताते हुए पूर्णिमा ने कहा कि मैंने कई स्थानों पर निरीक्षण किया है। जहां योजना है वहां पर पीट वाटर ही नहीं है। इस पर अग्रवाल ने कहा कि तकनीकी जानकारी के अभाव में आप ऐसा कह रही हैं। 45 किलोमीटर दूर मैथन से धनबाद में पानी आ सकता है तो पीट वाटर का पानी बगल के स्थान में क्यों नहीं?


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.