सिदरी में जमसं कार्यालय पर फायरिग का मामला मुख्यमंत्री तक पहुंचा
संस सिदरी रोहड़ाबांध के पास जनता मजदूर संघ बच्चा गुट के कार्यालय में रविवार को हुए ह
संस, सिदरी : रोहड़ाबांध के पास जनता मजदूर संघ बच्चा गुट के कार्यालय में रविवार को हुए हमला, तोड़-फोड़ और फायरिग का मामला राज्य के मुख्यमंत्री व डीजीपी तक पहुंच गया है। जमसं के संयुक्त महामंत्री अभिषेक सिंह ने सिदरी में जमसं नेता वेद प्रकाश ओझा के आवास में शुक्रवार को पत्रकारों से कहा कि झरिया की विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह ने सिदरी की घटना की जानकारी मुख्यमंत्री को देकर शीघ्र दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। विधायक ने डीजीपी को भी घटना की जानकारी देते हुए प्रशासन की भूमिका पर संदेह प्रकट किया और डीजीपी से मामले में प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने की मांग की। इसके पूर्व संयुक्त मोर्चा की ओर से प्रेसवार्ता की गई। जमसं नेता सुनील सिंह और फर्टिलाइजर वर्क्स यूनियन के सचिव संतोष चौधरी ने कहा कि जमसं कार्यालय पर तीसरी बार हमला किया गया। पुलिस मुख्य साजिशकर्ता को गिरफ्तार नहीं कर रही है। जमसं के नेता वेद प्रकाश ओझा ने कहा कि हर्ल के ठीकेदारों को धमकी देने व रंगदारी वसूलने का मैं लगातार विरोध करता रहा हूं। इस कारण विरोधियों की ओर से मुझ पर हमले का लगातार प्रयास किया जा रहा है। आरोप लगाया कि लक्की सिंह को प्रशासन का संरक्षण मिला हुआ है। इससे वह सिदरी में आतंक कायम किया हुआ है। चेतावनी दी कि प्रशासन ने जमसं कार्यालय पर हमला व फायरिग करनेवालों पर कार्रवाई नहीं की तो जमसं आंदोलन के लिए बाध्य होगी।
मौके पर कांग्रेस के जिला सचिव दिलीप मिश्रा, युवा जागरण मंच के जिला अध्यक्ष संजय राय, आदित्य दूबे, हरिश्चन्द्र दूबे, करमवीर सिंह, साजिद अंसारी, सोमनाथ दूबे आदि थे।