Dhanbad Lockdown Guideline: 16 से सीमावर्ती पश्चिम बंगाल के लिए नहीं चलेंगी बसें, पड़ोसी जिलों के लिए भी शर्तें लागू
Dhanbad Lockdown Guideline धनबाद समेत पूरे झारखंड में 22 अप्रैल से जारी आंशिक लॉकडाउन के दाैरान राज्य सरकार ने अब सख्ती बढ़ाने का निर्णय लिया है। 16 मई से इंटर स्टेट और इंटर डिस्ट्रिक्ट बसें नहीं चलेंगी। धनबाद से पश्चिम बंगाल के बीच बसों का संचालन नहीं होगा।
धनबाद, जेएनएन। Dhanbad Lockdown Guideline: पड़ोसी राज्य बिहार में 15 मई तक जारी संपूर्ण लॉकडाउन की तरह झारखंड में भी पूर्ण लॉकडाउन की मांग की जा रही थी। झारखंड सरकार ने संपूर्ण लॉकडाउन न कर सख्ती बढ़ाने का निर्णय लिया है। यह सख्ती 16 मई से दिखेगी। इस तारीख से इंटर स्टेट और इंटर डिस्ट्रिक्ट बसों का संचालन नहीं होगा। इसका असर यह होगा कि धनबाद से सीमावर्ती राज्य पश्चिम बंगाल के बीच बसों का परिचालन नहीं होगा। धनबाद और पड़ोसी जिला बोकारो से बड़ी संख्या में बसें पश्चिम बंगाल के आसनसोल, दुर्गापुर, कोलकाता, बर्द्धमान, पुरुलिया, बाकुड़ा आदि स्थानों के लिए खुलती थीं। इन बसों का परिचालन ठप हो जाएगा।
कोरोना के संक्रमण की चेन तोड़ने हेतु हमने लॉकडाउन के नियमों को और कड़ा करने का फ़ैसला लिया है।
पहले जारी निर्देशों के साथ निम्नलिखित नये प्रतिबन्ध अब प्रभावी होंगे।
आप सब से अनुरोध है की इन प्रतिबंधों का अवश्य पालन करे। pic.twitter.com/Q07XkAdQOn— Hemant Soren (@HemantSorenJMM) May 12, 2021
दो सप्ताह के लिए बढ़ा लॉकडाउन
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कोरोना के कारण दो सप्ताह के लिए लॉकडाउन बढ़ाने का निर्णय लिया है। 22 अप्रैल से जारी लॉकडाउन की अवधि 13 मई को सुबह 6 बजे समाप्त हो रही थी। इसके मद्देनजर मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार के आला अधिकारियों के साथ बुधवार को बैठक की। इसमें दो सप्ताह के लिए लॉकडाउन बढ़ाने का निर्णय लिया गया। साथ ही 16 मई से सख्ती बढ़ाने का भी फैसला किया गया। इस बाबत परिवहन विभाग ट्रैवल एडवायजरी जारी करेगा। निजी वाहनों से राज्य से बाहर जाने के लिए पास लेना अनिवार्य होगा।
इंटरस्टेट व इंट्रास्टेट बसों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। निजी वाहनों का मूवमेंट ई-पास पर होगा। शादी अपने घरों में या कोर्ट में संपन्न होगा। इस अवसर पर किसी प्रकार का आय़ोजन प्रतिबंधित रहेगा। हाट-बाजार में सोशल डिस्टेंसिंग का कड़ाई से अनुपालन किया जाएगा 3/3— Office of Chief Minister, Jharkhand (@JharkhandCMO) May 12, 2021
पड़ोसी जिलों के लिए भी नहीं चलेंगी बसें
16 मई से इंटर स्टेट बसों का तो परिचालन बंद होगा ही इंटर डिस्ट्रिक्ट बसों के संचालन पर भी ब्रेक लगाने का सरकार ने निर्णय लिया है। जाहिर से धनबाद से पड़ोसी जिले बोकारो, गिरिडीह, जामताड़ा, देवघर का सफर करने वालों को मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा। निजी वाहनों से दूसरे राज्यों में जाने के लिए पास लेना होगा।