Sushant Singh Rajput : मौत के बाद इंस्टाग्राम पर दोगुना हुए सुशांत के फॉलोअर्स, इस तस्वीर को मिले रिकॉर्ड लाइक्स
Sushant Singh Rajput तीन जनवरी को इंस्टा पर अपलोड सुशांत की मां के साथ की तस्वीर को 7 लाख 41 हजार लोगों ने लाइक किया था जो अब 34 लाख 94 हजार के पार पहुंच गया है।
धनबाद, [आशीष सिंह]। बॉलीवुड के उभरते सितारे सुशांत सिंह राजपूत (Sushant Singh Rajput) की मौत ने कईयों को रूला दिया। जो उन्हें नहीं भी जानते थे, उन्हें भी सुशांत की मौत का दुख हुआ। सुशांत को नजदीक से जानने के लिए उनके ट्विटर और इंस्टाग्राम को सर्च किया जा रहा है। सुशांत के बारे में जानने की लोगों में उत्सुकता तेजी बढ़ रही है। ट्विटर से ज्यादा सुशांत इंस्टाग्राम को अपडेट करते थे। सुशांत के प्रति लोगों की दीवानगी कहें या सुशांत के बारे में जानने की ललक, हर दिन इनके फालोअर्स की संख्या बढ़ रही है।
सुशांत सिंह राजपूत की मौत से पहले इंस्टाग्राम पर सात मिलियन फालोअर्स थे, जो शुक्रवार की शाम तक यह बढ़कर 12.9 मिलियन हो गए हैं। 14 जून सुशांत की मौत के बाद से 19 जून तक, इन पांच दिनों में फॉलोअर्स की संख्या लगभग दोगुनी हो गई। 15 जून यानी एक दिन में सुशांत के इंस्टा अकाउंट को तीन मिलियन लोगों ने फॉलो किया। अकेले धनबाद में लगभग साढ़ चार हजार नए लोगों ने सुशांत को फॉलो किया है। इसमें युवाओं की संख्या सबसे अधिक है।
सुशांत को फॉलो करने वाले धनबाद के युवा आर्किटेक स्वाति सिंह, रेडियो जॉकी वर्तिका, इंजीनियरिंग के छात्र कुंवर जयंत सिंह, आर्किटेक समीर सिन्हा और ऋत्विक कहते हैं कि सुशांत को सुसाइड नहीं करना चाहिए था। हर समस्या का समाधान होता है। हालांकि उनके साथ कुछ तो गलत हुआ था। हम सभी उनकी बेहतरीन एक्टिंग के कायल थे, इसलिए उन्हें फॉलो किया।
जिस तस्वीर को मिले थे सात लाख लाइक, 19 जून तक हो 34 लाख 94 हजार : लाइक्स और कमेंट्स का अंदाजा इसी से लगा सकते हैं कि अपनी मौत से पहले सुशांत ने तीन जनवरी को मां की जिस तस्वीर को अपलोड किया था, उसे 14 जून तक सात लाख लोगों ने लाइक किया था। सुशांत की मौत के बाद यह आंकड़ा 34 लाख 94 हजार पहुंच गया। अमूमन सुशांत के पोस्ट को छह लाख से 12 लाख तक लाइक मिले हैं। सुशांत व उनकी मां की तस्वीर को रिकॉर्ड लाइक्स मिले। यह कई चर्चित बालीवुड स्टार से अधिक है। सुशांत के इंस्टाग्राम के फॉलोअर्स और तस्वीरों पर लाइक्स की संख्या हर दिन बढ़ रही है। इसी तरह सुशांत के आधिकारिक ट्विटर हैंडल के फॉलोअर्स 14 जून तक 1.6 मिलियन थे, अभी यह संख्या 2.1 मिलियन हो चुकी है।
धनबाद में सुशांत के इंस्टा अकाउंट पर जुड़े साढ़े 4 हजार नए युवा :
- सोशल मीडिया और टीवी में हर दिन सुशांत की न्यूज चल रही थी, इसलिए उनके बारे में जानने की उत्सुकता बढ़ गई। हाल ही में उनके इंस्टाग्राम अकाउंट को फॉलो किया। सुशांत एक अच्छे और सुलझे इंसान थे। मेरे कई दोस्तों ने भी सुशांत को अब जाकर फॉलो किया। उनका सुसाइड करना गलत था। -कुंवर जयंत सिंह, इंजीनियरिंग छात्र धैया।
- छिछोरे में सुशांत ने कमाल की एक्टिंग की थी। हमारे लिए तो सुशांत दूसरे माही थे। खुदकुशी कर उन्होंने बहुत गलत किया। हम युवा उनसे काफी प्रेरणा लेते थे। उन्होंने अपनी बहुत सी फिल्मों में युवाओं को प्रेरित किया। उनके इस निर्णय से यूथ काफी आहत हुआ है। -समीर सिन्हा, आर्किटेक कोयला नगर।
- काफी समय से सुशांत को फॉलो कर रही हूं। एक अच्छे इंसान, बेहतरीन एक्टर को हमने खो दिया। खुदकशी का उनका निर्णय कहीं से भी ठीक नहीं था, लेकिन कुछ तो उनके मन में चल रहा था। मेरे कई दोस्तों ने सुशांत के बारे में जानने के लिए इंस्टा और ट्विटर पर फॉलो किया। -आरजे वर्तिका, झरिया।