सेवा इसी का नाम है... इस ठंड में हर रविवार जरूरतमदों के बीच बांटे जा रहे कंबल और भोजन के पैकेट
पांडे बताते हैं कि कंबल उन्हीं लोगों को दिया जाता है जिन्हें उनकी सर्वाधिक आवश्यकता हो। इसके लिए पूरे सप्ताह यह लोग काम करते हैं। जो जरूरतमंद हैं उनके बीच एक पत्रक बांटते हैं और वितरण के दिन उसे लेकर आने को कहा जाता है।
धनबाद, जेएनएन। ठंड के दिनों में हर रविवार कंबल वितरण इनके रूटीन में शामिल हो चुका है। मानव सेवा संघ के कार्यकर्ता सप्ताह भर कंबल एवं भोजन के पैकेट की व्यवस्था करते हैं। जरूरतमंदों की पहचान करते हैं और रविवार के दिन उसका वितरण करते हैं। संगठन के व्यवस्था प्रमुख कपिल देव पांडे की माने तो इस ठंड में वे बगुला टांड़, राजगंज, निरसा, भितिया आदिवासी टोला, मनियाडीह, इत्यादि में कंबल वितरण कर चुके हैं। आज उन्होंने बलियापुर हवाई अड्डा के पास स्थित आदिवासी टोला में कंबल वितरण किया है।
पांडे बताते हैं कि कंबल उन्हीं लोगों को दिया जाता है, जिन्हें उनकी सर्वाधिक आवश्यकता हो। इसके लिए पूरे सप्ताह यह लोग काम करते हैं। जो जरूरतमंद हैं उनके बीच एक पत्रक बांटते हैं और वितरण के दिन उसे लेकर आने को कहा जाता है। जाहिर सी बात है कि जब वह घर से आएंगे और फिर जाएंगे तो समय तो लगेगा ही। इसलिए उनके लिए भोजन के पैकेट की व्यवस्था की जाती है। टारगेट हर रविवार को 100 कंबल वितरण का रहता है। लेकिन अभी भी लोगों के पास जो जरूरत है उसके मुताबिक सवा सौ से डेढ़ सौ कंबल प्रत्येक रविवार वितरण किया जाता है। यह क्रम ठंड के पूरे मौसम में चलता रहेगा। रविवार को बलियापुर में कंबल वितरण के दौरान श्रवण अग्रवाल, हरे राम गुप्ता, एसएन सिन्हा इत्यादि मौजूद थे।