Move to Jagran APP

Jharkhand Madhupur By-Election 2021: 'गंगा' की धारा में बही भाजपा, 30 को नारायण का नामांकन; अब क्या करेंगे राज पालिवार

देवघर जिला भाजपा अध्यक्ष सह विधायक नारायण दास ने बताया कि 30 मार्च को भाजपा प्रत्याशी गंगा नारायण सिंह नामांकन करेंगे। शुक्रवार को भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी मधुपुर आ रहे हैं। वह मधुपुर विधानसभा उपचुनाव में पार्टी प्रत्याशी की जीत को सुनिश्चित करने की रणनीति बनाएंगे।

By MritunjayEdited By: Published: Thu, 25 Mar 2021 11:22 PM (IST)Updated: Fri, 26 Mar 2021 06:20 AM (IST)
Jharkhand Madhupur By-Election 2021: 'गंगा' की धारा में बही भाजपा, 30 को नारायण का नामांकन; अब क्या करेंगे राज पालिवार
गंगा नारायण सिंह और राज पालिवार ( फाइल फोटो)।

देवघर, जेएनएन। आजसू को छोड़कर दो दिन पहले भाजपा में शामिल गंगा नारायण सिंह पर भाजपा ने अपना दांव लगा दिया है। पूर्व मंत्री राज पालिवार की दावेदारी को खारिज करते हुए मधुपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा ने गंगा नारायण को प्रत्याशी बनाया है। 30 मार्च को गंगा नारायण अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। यहां 17 अप्रैल को उपचुनाव है। भाजपा प्रत्याशी का मुकाबला झामुमो प्रत्याशी राज्य के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हाजी हफीजुल हसन अंसारी से होगा। दूसरी तरफ टिकट नहीं मिलने से निराश झारखंड प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष राज पालिवार ने अपना मोबाइल फोन का स्वीच ऑफ कर लिया है। 

loksabha election banner

बाबूलाल मरांडी शुक्रवार को बनाएंगे रणनीति

देवघर जिला भाजपा अध्यक्ष सह विधायक नारायण दास ने बताया कि 30 मार्च को भाजपा प्रत्याशी गंगा नारायण सिंह नामांकन करेंगे। शुक्रवार को भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी मधुपुर आ रहे हैं। वह भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर मधुपुर विधानसभा उपचुनाव में पार्टी प्रत्याशी की जीत को सुनिश्चित करने के लिए रणनीति बनाएंगे। मधुपुर के विधायक सह राज्य सरकार में मंत्री हाजी हुसैन अंसारी के निधन के बाद मधुपुर सीट रिक्त हो गया था। 17 अप्रैल को उप चुनाव की तारीख तय है। गुरूवार को झामुमो प्रत्याशी सह मंत्री हफीजुल हसन ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की उपस्थित में नामांकन किया।

शाम तक थी झारखंड प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष को टिकट की उम्मीद

यूं तो आजसू छोड़ गंगा नारायण सिंह के भाजपा में शामिल होने के बाद ही पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष राज पालिवार को अहसास हो गया था कि वह टिकट की दाैड़ में पिछड़ चुके हैं। प्रदेश नेतृत्व उनकी जगह गंगा नारायण सिंह पर दांव लगाना चाह रहा था। लेकिन एक उम्मीद की किरण लिए हुए पालिवार मैदान में डटे हुए थे। वह गुरुवार की शाम मधुपुर विधानसभा क्षेत्र के मारगोमुंडा पहुंचे। यहां वे पार्टी कार्यकर्ताओं से मिले। मधुपुर उपचुनाव के संबंध में बातचीत की। मौके पर उन्होंने कहा कि भाजपा मधुपुर उपचुनाव को काफी मुस्तैदी के साथ लड़ेगी। हालांकि पार्टी की ओर से उपचुनाव के लिए अभी तक प्रत्याशी की घोषणा नहीं की गई है। कहा कि उन्हें केंद्रीय नेतृत्व पर पूरा विश्वास है कि मधुपुर विधानसभा के उपचुनाव में भाजपा कार्यकर्ता व जनता हित में ही कोई निर्णय लेगी। इसके बाद शाम को भाजपा ने उपचुनाव के लिए प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी। इसकी जानकारी मिलने के बाद पालिवार ने मोबाइल स्वीच ऑफ कर लिया। 

2009 में भी राज को लगा था झटका

राज पालिवार पहली बार 2005 के विधानसभा चुनाव में मधुपुर से भाजपा के टिकट पर निर्वाचित हुए थे। इसके बाद 2009 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने राज का टिकट काट दिया। कहा जाता है कि सांसद निशिकांत दुबे ने राज का टिकट कटवा दिया था। टिकट कटने के बाद राज चुनाव लड़ने के लिए किसी दूसरी पार्टी में नहीं गए। इसके बाद 2014 के चुनाव में भाजपा ने राज को मधुपुर से टिकट दिया। वह चुनाव जीते। रघुवर सरकार में श्रम मंत्री बने। 2019 के चुनाव में राज को झामुमो प्रत्याशी हाजी हुसैन अंसारी ने पराजित कर दिया। तीसरे नंबर पर आजसू प्रत्याशी गंगा नारायण सिंह थे। अब हाजी हुसैन अंसारी के निधन के कारण उपचुनाव हो रहा है। राज को टिकट मिलने की उम्मीद थी। लेकिन गंगा की धारा में भाजपा बह गई। राज के ट्रैक रिकॉर्ड को देखते हुए कहा जा सकता है कि वह भाजपा में ही बने रहेंगे। टिकट नहीं मिलने के बावजूद बगावत नहीं करेंगे। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.