छात्रों-मजदूरों की वापसी पर BJP विधायक ने की CM की तारीफ, कहा- हेमंत सोरेन के प्रयास से ही हुआ संभव Dhanbad News
विधायक राज सिन्हा ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रयास से ही दूसरे राज्यों में फंसे झारखंड के छात्रों और मजदूरों को वापस लाया जा सका है। सरकार का यह कार्य काबिले तारीफ है।
धनबाद, जेएनएन। लॉकडाउन के कारण कोटा (राजस्थान) में फंसे झारखंड के छात्रों को लेकर रविवार को स्पेशल ट्रेन धनबाद पहुंची। इस ट्रेन में 956 छात्र और मजदूर सवार थे। जिला प्रशासन ने इनका धनबाद स्टेशन पर स्वागत किया। इस दौरान धनबाद के विधायक राज सिन्हा और टुंडी विधायक मथुरा महतो धनबाद स्टेशन मौजूद थे। भाजपा विधायक राज सिन्हा ने इसके लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की तारीफ की।
राज सिन्हा ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के अथक प्रयास से ही दूसरे राज्यों में फंसे झारखंड के छात्रों और मजदूरों को वापस लाया जा सका है। उन्होंने कहा कि सरकार का यह कार्य काबिले तारीफ है। उन्होंने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति भी आभार प्रकट किया और कहा कि केंद्र सरकार की बदौलत ही ट्रेनों के माध्यम से छात्रों और मजदूरों को उनके गृह राज्य वापस लाया जा रहा है। वहीं, झामुमो विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने कहा झारखंड सरकार यहां के वासियों के हितों के लिए सदैव तत्पर है।
स्टेशन के बाहर उत्सव सा नजारा : धनबाद रेलवे स्टेशन पर कोटा-धनबाद स्पेशल ट्रेन शनिवार की शाम करीब चार बजे (15.54 बजे) पहुंची। हालांकि, जिला प्रशासन के अधिकारी तीन बजे से पहले ही स्टेशन पहुंच गए थे। पुलिस-प्रशासन और रेलवे के अधिकारियों को छोड़कर स्टेशन के अंदर किसी की एंट्री नहीं दी जा रही थी। छात्रों और मजदूरों को यहां उतरने के बाद सभी को जांच के लिए गोल्फ ग्राउंड ले जाया गया। वहां से जांच के बाद सभी को उसने घर भेज दिया जाएगा।
सभी को घर तक पहुंचाएगा प्रशासन : धनबाद के डीसी अमित कुमार ने ट्वीट करके बताया कि कोटा से सभी छात्रों का सकुशल धनबाद जंक्शन पर आगमन हो गया है। दूसरे जिले के सभी बच्चो को प्रक्रिया के तहत जांच कर गंतव्य की ओर रवाना किया जा रहा है। धनबाद के विद्यार्थियों को पूर्ण स्वास्थ्य जांच के उपरांत उनके घर तक प्रशासन द्वारा पहुंचाया जाएगा।
कोटा से सभी विद्यार्थी का सकुशल धनबाद जंक्शन पर आगमन हो गया है। दूसरे जिले के सभी बच्चो को प्रक्रिया के तहत जांच कर गंतव्य की ओर रवाना किया जा रहा है। धनबाद के विद्यार्थियों को पूर्ण स्वास्थ्य जांच के उपरांत उनके घर तक प्रशासन द्वारा पहुचाया जाएगा। pic.twitter.com/O1FyB0aTJP
— DC Dhanbad (@dc_dhanbad) May 3, 2020