Move to Jagran APP

Jharkhand Madhupur By-Election 2021: भाजपा प्रत्याशी गंगा ने भरा पर्चा, बदलाव के लिए बाबूलाल ने मांगा जनता का साथ

Jharkhand Madhupur By-Election 2021 मधुपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए 17 अप्रैल को मतदान है। भाजपा प्रत्याशी गंगा नारायण सिंह ने मंगलवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस माैके पर झारखंड प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष दीपक प्रकाश और भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी उपस्थित थे।

By MritunjayEdited By: Published: Tue, 30 Mar 2021 05:53 PM (IST)Updated: Wed, 31 Mar 2021 07:07 AM (IST)
Jharkhand Madhupur By-Election 2021: भाजपा प्रत्याशी गंगा ने भरा पर्चा, बदलाव के लिए बाबूलाल ने मांगा जनता का साथ
मधुपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करते भाजपा प्रत्याशी गंगा नारायण सिंह ( फोटो जागरण)।

मधुपुर (देवघर), जेएनएन। मधुपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा प्रत्याशी गंगा नारायण सिंह ने मंगलवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। उनके साथ जिला महामंत्री अधीर भैया थे। इस मौके पर भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने शेखपुरा स्थित रामलीला मैदान में एक सभा को संबोधित करते हुए बड़ा एलान किया। कहा कि मधुपुर सीट भाजपा की झोली में दीजिए, 10 मई तक सूबे में नई सरकार का गठन होगा। वर्तमान सरकार ने मधुपुर विधानसभा उपचुनाव में दूसरी बड़ी गलती कर दी है। जब शिबू सोरेन मुख्यमंत्री बना दिए गए और तमाड़ से चुनाव लड़े तो बुरी तरह पराजित हुए। उसी तरह एक बार फिर ढोंगी मंत्री को हारना है। विकास कार्य ठप है। 15 हजार करोड़ रुपया ट्रेजरी और बैंकों में पड़ा है और जनता का काम रुका हुआ है। सरकारी कार्यालय लूट का अड्डा बन गया है। सरकार के मंत्री कार्यालय से वसूली कर रहे हैं और परिवार की तिजोरी भर रहे हैं। आदिवासी पर झूठे आरोप लगाकर झूठे केस में फंसाया जा रहा है। भाजपा के पांच साल के विकास को हेमंत सरकार सरकार ने 15 महीने में विनाश में बदल दिया।

loksabha election banner

भाजपा प्रत्याशी गंगा नारायण सिंह के समर्थन में आयोजित जनसभा में बाबूलाल मरांडी और अन्य।

उपचुनाव में जनता देगी सरकार को जवाब

पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल ने 17 अप्रैल को मधुपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी गंगा नारायण सिंह को ऐतिहासिक मतों से विजयी बनाने का आह्वान किया। कहा कि यह उपचुनाव नहीं बल्कि चुनौती है। जो झारखंड की दिशा व दशा तय करेगी। गोड्डा के सांसद डॉ निशिकांत दुबे की पत्नी अनामिका दुबे के खिलाफ सरकार और उसके उच्चाधिकारी झूठे मुकदमे कर परेशान करने का काम किया है। जिसका जवाब मधुपुर विधानसभा उपचुनाव में जनता देगी। पत्थर व बालू की तस्करी का खेल हेमंत सरकार के इशारे पर हो रहा है। भाजपा की सरकार बनते ही सिंचाई की समुचित व्यवस्था कर दी जाएगी। मोदी जी ने गरीबों के खाते में पैसा डाला तो हेमंत सरकार बौखलाहट में है।

बाबूलाल होंगे मुख्यमंत्री: निशिकांत

गोड्डा से भाजपा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने कहा की व्यक्ति चुनाव नहीं जीतता, पार्टी, व्यक्तित्व और कार्यकर्ताओं का श्रम चुनाव जीतता है। कार्यकर्ता अपना विस्तारवादी रूप दिखाएं और सुरसा रूपी विपक्ष को चारों खाने चित करें। इतना मतदान करें कि विपक्षी उम्मीदवार की जमानत जब्त हो जाए। सरकार पर तीखा हमला करते कहा कि सोरेन का परिवार लुटेरा है, अत्याचारी है इसे उखाड़ने का संकल्प लें। यह चुनाव मधुपुर और भाजपा के कार्यकर्ताओं की प्रतिष्ठा का प्रश्न है और आपको अपनी प्रतिष्ठा स्वयं बचानी है। कहा कि अगर दो मई को गंगा नारायण सिंह विधायक बन गए तो 10 मई तक बाबूलाल मरांडी को मुख्यमंत्री बना दूंगा। इसके बाद बलात्कारी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को जेल में भेजने का काम भाजपा करेगी।

गंगा को कोई रोक नहीं सकता: दीपक प्रकाश

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सदस्य दीपक प्रकाश ने कहा कि गंगा नारायण को विधायक बनने से कोई रोक नहीं सकता। यह साधारण चुनाव नहीं है। इससे झारखंड सरकार की दशा और दिशा बदलने वाली है। कहा कि हमें विधायक दें हम राज्य में भाजपा की सरकार देंगे। चुनाव की इस अग्नि परीक्षा में सीता की तरह निखरकर बाहर निकलना है। विपक्षी उम्मीदवार के पास कोई योग्यता नहीं है। इससे पीछा छुड़ाना है तो भाजपा लाएं और कमल खिलाएं। कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा व कांग्रेस में वंशवाद हावी है। दुमका एवं बेरमो विधानसभा उपचुनाव के बाद अब मधुपुर में भी पार्टी नेता के बेटे को चुनाव लड़ाया जा रहा है। महागठबंधन के नेताओं ने मुंगेरीलाल के हसीन सपने को दिखाकर मधुपुर में अपने प्रत्याशी को जिताने का काम किया। लेकिन 14- 15 महीने में झारखंड के साथ मधुपुर की जनता ठगा महसूस कर रही है। खनिज संपदा की तस्करी में परिवार के लोग शामिल हैं। जमीन की लूट में संरक्षण दिया जा रहा है।

भाजपा के सांसद-विधायकों का जमावड़ा

मौके पर दुमका सांसद सुनील सोरेन, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी, साहिबगंज विधायक अनंत ओझा, चंदनकियारी विधायक अमर बाउरी, सारठ विधायक रणधीर कुमार सिंह, देवघर विधायक सह भाजपा जिला अध्यक्ष नारायण दास, भाजपा प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू, प्रदेश प्रवक्ता अमित कुमार, जमुआ विधायक केदार हाजरा, पूर्व मंत्री डॉक्टर लुईस मरांडी, बरही के पूर्व विधायक मनोज यादव, बगोदर के पूर्व विधायक नागेंद्र महतो मंचासीन थे। नामांकन के कार्यक्रम में कहीं भी पूर्व मंत्री राज पलिवार नहीं दिखे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.