रणक्षेत्र में तब्दील हुआ बिनोद बिहारी महतो का आवासीय परिसर, मारपीट में कई जख्मी
शनिवार की सुबह संपत्ति विवाद में बिनोद बिहारी महतो के धनबाद स्थित आवासीय परिसर रणक्षंत्र में बदल गया। परिवार के दो पक्षों में अवैध तरीके से संपत्ति पर कब्जा करने का आरोप लगाते हुए हुई मारपीट में कई लोग जख्मी हो गए।

जागरण संवाददाता, धनबाद। झारखंड आंदोलन के अगुआ रहे बिनोद बिहारी महतो के धनबाद हिरापुर स्थित घर पर संपत्ति विवाद की वजह से शनिवार की सुबह दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। मारपीट के इस झगड़े में बिनोद बिहारी के पुत्र स्वर्गीय राजकिशोर महतो की पुत्रवधु विनीता सिंह और राजकिशोर महतो के भाई फूला महतो की पत्नी सोमा सिंह गंभीर रूप से जख्मी हो गई। साथ ही अन्य लोग भी इस मारपीट में जख्मी हुए। मिली जानकारी के मुताबिक विनीता सिंह जमीन पर कब्जा कर रही थी। इसकी शिकायत सोमा महतो ने पूर्व में ही धनबाद पुलिस से की थी। साथ ही इसकी जानकारी राज्य सरकार को दी थी। इधर, शनिवार की सुबह किसी बात को लेकर दोनों पक्ष के लोग आपस में भिड़ गए तथा आरोप-प्रत्यारोप लगाते हुए एक दूसरे पर हमला कर दिया। घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंचे पुलिस ने जख्मी सभी को अस्पताल पहुंचाया। जहां घायलों का इलाज चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों पक्षों की बीच हुई मारपीट की घटना से घर का पूरा परिसर रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। दोनों पक्षों ने इस दौरान एक दूसरे पर आरोप लगाते हुए अवैध तरीके से संपत्ति हड़पने का आरोप लगाया।
Edited By Gautam Ojha