झरिया : झरिया पुलिस ने बाइक चोर गिरोह के तीन सदस्यों को चोरी के पांच बाइक के साथ गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को धनबाद के सिटी एसपी आर राजकुमार झरिया थाना पहुंचे। प्रेस वार्ता कर मामले की जानकारी दी। बताते हैं कि मंगलवार की रात राजेश वर्मा का पुत्र शुभम झरिया के शादी समारोह में आया था। बाइक खड़ी कर पास में ही खड़ा था। इसी बीच एक युवक बाइक लेकर भागने लगा। शोर मचाने पर लोग दौड़ पड़े। झरिया पुलिस भी मौके पर पहुंची। बाइक समेत चोर को पकड़ा। चोर ने पूछताछ में अपना नाम शाहनबाज (ऊपर कुल्ही) बताया। पुलिस की पूछताछ में शाहनबाज ने बाइक चोरी करने की बात स्वीकार की। चोर की निशानदेही पर पुलिस ने ऊपर कुल्ही के मो. गुलाम उर्फ गोलू के आवास में छापेमारी कर एक बाइक जब्त की। इसके बाद मधुबन थाना के आकाशकोठी निवासी राहुल कुमार उर्फ प्राची की निशानदेही पर तीन बाइक जब्त की। गुलाम व राहुल को गिरफ्तार कर पुलिस बरामद बाइक के साथ झरिया थाना पहुंची। छानबीन में पुलिस को पता चला कि मधुबन थाना क्षेत्र से जब्त बाइक से कोयला चोरी की जाती थी। किसी भी बाइक में नंबर प्लेट नहीं लगा था। पुलिस ने तीनों को जेल भेज दिया है। वही शुक्रवार को झरिया सब्जी पट्टी में कोयरीबांध के एक व्यक्ति की पॉकेट से मोबाइल चोरी कर भागने के क्रम में धराए बर्दवान निवासी सूरज को भी पुलिस ने जेल भेजा। उसके पास से दो मोबाइल भी बरामद किए गए। सूरज ने मोबाइल चोरी में अपने सहयोगी बर्दमान के रोहित नोनियां व जंगली नोनियां की संलिप्तता पुलिस को बताई। दुखहरणी मंदिर के समीप बाइक पर अवैध देसी शराब के साथ धराए राजकुमार मंडल को भी पुलिस ने जेल भेज दिया। इसके पूर्व पुलिस ने राजकुमार की निशानदेही पर लिलोरीपथरा से 105 लीटर अवैध महुआ शराब, कोल्ड ड्रिक के कई बोतल में अंग्रेजी शराब जब्त की। दुखन बाउरी, गोधर बाउरी, महेश बाउरी, शंकर बाउरी, शनि श्रीवास्तव, संतोष रजक, सुनील दास, गुजरा माणिक, रंजीत पासवान, विष्णु महतो के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। झरिया थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह ने कहा कि आगे भी अपराधियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। प्रेस वार्ता में सिदरी के डीएसपी एके सिन्हा आदि पुलिस अधिकारी थे।
----
वर्जन
सिदरी डीएसपी के नेतृत्व में टीम बनाई गई। झरिया पुलिस ने बाइक चोरी का खुलासा किया। लोग किसी भी अवैध कारोबार की जानकारी 100 नंबर डायल कर दें। उनका नाम गुप्त रखा जाएगा।
- आर राजकुमार, सिटी एसपी धनबाद।
धनबाद में कोरोना वायरस से जुडी सभी खबरे
blink LIVE
PNB MetLife Webinar
VIDEO