बिहार के नालंदा में हत्या कर धनबाद में छिपा था उप मुखिया, तीन माह बाद गिरफ्तार Dhanbad News
Aman Raj murder case आरोपित शंकर अपने गांव का उप मुखिया बताया जाता है। वह छिपकर धनबाद में गार्ड की नाैकरी कर रहा था।
धनबाद, जेएनएन। Aman Raj murder case बिहार के नालंदा स्थित गांव में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या करने के मामले में शुक्रवार को नामजद आरोपित की तलाश में वहां की पुलिस धनबाद पहुंची। नालंदा की पुलिस ने यहां बैंकमोड़ पुलिस के सहयोग से शास्त्रीनगर स्थित होटल से फरार आरोपित को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई है।
गिरफ्तार आरोपित 35 वर्षीय शंकर पासवान नालंदा के चैनपुर चंडीबेना थाना क्षेत्र का रहनेवाला है। उसकी गिरफ्तारी के लिए चंडीबेना थाना से सअनि सत्येंद्र प्रसाद सिंह के नेतृत्व में बिहार पुलिस धनबाद आई। बैंक मोड़ पुलिस के सहयोग से शास्त्रीनगर स्थित एक होटल में छापेमारी की। आरोपित होटल से ही पकड़ा गया। वह होटल में सुरक्षागार्ड की नौकरी कर रहा था। आरोपित शंकर अपने गांव का उप मुखिया बताया जाता है। वह छिपकर धनबाद में गार्ड की नाैकरी कर रहा था।
होली के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद में शंकर पासवान ने गांव में ही एक व्यक्ति की हत्या कर फरार हो गया था। हत्यारे की गिरफ्तारी मोबाइल टावर लोकेशन के आधार पर हुई। शंकर की गिरफ्तारी के बाद नालंदा पुलिस आरोपित के बारे में कुछ भी बताने से परहेज करती रही। शाम को पुलिस आरोपित को लेकर नालंदा रवाना हो गई।