भुनेश्वर से नई दिल्ली जा रही Duronto Express खराब मौसम के कारण 40 मिनट महुदा स्टेशन पर रूकी रही
तेज आंधी पानी के कारण बुधवार की संध्या भुनेश्वर से नई दिल्ली जा रही दुरंतो एक्सप्रेस और गोमो चक्रधरपुर सवारी गाड़ी को महुदा स्टेशन पर 40 मिनट तक रुकना पड़ा। बाघमारा के केकेसी लिंक साइडिंग में ओएचई तार पर पेड़ गिर गया था।
संवाद सहयोगी, महुदा : तेज आंधी पानी के कारण बुधवार की संध्या भुनेश्वर से नई दिल्ली जा रही दुरंतो एक्सप्रेस और गोमो चक्रधरपुर सवारी गाड़ी को महुदा स्टेशन पर 40 मिनट तक रुकना पड़ा। बाघमारा के केकेसी लिंक साइडिंग में ओएचई तार पर पेड़ गिर गया था। जबकि खानुडीह रेलवे स्टेशन में रेलवे ट्रैक पर पेड़ गिर गया था। बाद में दोनों स्थानों से पेड़ को हटाया गया इसके बाद दोनों ट्रेनों को गंतव्य के लिए रवाना किया गया। ट्रैक को क्लियर करने में 40 मिनट का समय लगा। दूरंतो एक्सप्रेस भुवनेश्वर से महुदा स्टेशन पर 16:05 बजे आई थी। जबकि 16:45 में इसे गंतव्य के लिए रवाना किया गया। दुरंतो एक्सप्रेस का ठहराव महुदा स्टेशन में नहीं है। लाइन क्लियर नहीं रहने के कारण इसे यहां रुकना पड़ा। गोमो चक्रधरपुर सवारी गाड़ी का महुदा स्टेशन में आने का समय 16.00 बजे है और जाने 16.10 बजे। जबकि इस ट्रेन को 16.50 बजे गंतव्य के लिए रवाना किया गया। इस सम्बन्ध में महुदा स्टेशन मास्टर एन.के.सिंह ने बताया कि खानुडीह के समीप तेज आँधी पानी से मैन लाइन में पेड़ गिर गया था। पीडब्लुडी के द्वारा लाइन क्लियर करवाने के पश्चात 16:45 में दुरन्तो एक्सप्रेस को रवाना किया गया।