Move to Jagran APP

अचानक सामने आकर संगठन ने खुद को बताया भाजपा का अंग, पार्टी के नेता-कार्यकर्ता बता रहे फर्जी

भाजपा में अब तक विवाद इस बात पर होता था कि किसी कार्यकर्ता को बिना आम सहमति के पदाधिकारी कैसे बना दिया गया लेकिन रविवार को तो हद ही हो गई। एक पूरा का पूरा संगठन ही ऐसा उभर आया जिसके बारे में पार्टी नेता तक अनजान थे।

By Deepak Kumar PandeyEdited By: Published: Sun, 04 Apr 2021 03:54 PM (IST)Updated: Sun, 04 Apr 2021 03:54 PM (IST)
अचानक सामने आकर संगठन ने खुद को बताया भाजपा का अंग, पार्टी के नेता-कार्यकर्ता बता रहे फर्जी
सर्किट हाउस में पत्रकारों से बात करते भारतीय जनता मजदूर ट्रेड यूनियन के नेता।

जागरण संवाददाता, धनबाद: भाजपा में अब तक विवाद इस बात पर होता था कि किसी कार्यकर्ता को बिना आम सहमति के पदाधिकारी कैसे बना दिया गया, लेकिन रविवार को तो हद ही हो गई। इस दिन एक पूरा का पूरा संगठन ही ऐसा उभर आया, जिसके बारे में पार्टी नेता तक अनजान थे। अधिकतर का कहना है कि यह फर्जी है और भाजपा से इसका कोई नाता नहीं।

loksabha election banner

दरअसल परिसदन में भारतीय जनता मजदूर ट्रेड यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष मनोज महतो ने पत्रकार वार्ता की। उन्होंने अपने संगठन को भारतीय जनता पार्टी का मजदूर मोर्चा बताया और कहा कि उनका मनोनयन राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन पाल ने किया है। धनबाद के ही कतरास बाजार निवासी मनोज महतो ने लगे हाथ रूपेश विश्वकर्मा को धनबाद जिला अध्यक्ष भी मनोनीत कर दिया। इस बात से बेखबर कि भारतीय जनता पार्टी की धनबाद जिला में महानगर और ग्रामीण दो कमेटियां बन गई हैं।

इस बाबत सवाल पूछने पर उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश और उनकी कमेटी से अनभिज्ञता जाहिर की और कहा कि उनके ट्रेड यूनियन की कमेटी की घोषणा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन पाल करते हैं। चुनाव में वह भाजपा को सहयोग करते रहे है।

बहर हाल मनोज महतो ने आरके ट्रांसपोर्ट के समर्थन में झरिया के थानेदार की कार्रवाई की निंदा की और कहा कि हेमंत सरकार में सिर्फ अधिकारियों की ही हिम्मत बढ़ी है। आम आदमी की परेशानियां बढ़ी हैं। जिनके घर में भाई का शव पड़ा होता है, उनके घर में घुसकर पुलिस लाठी चार्ज कर रही है। वे इसका विरोध करेंगे और पीड़ितों से मिलकर बड़ा आंदोलन खड़ा करेंगे। पत्रकार वार्ता में भागीरथ सिंह, बबलू महतो, रोहित पुरी, संजय शर्मा, रवि राय आदि थे।

इस संबंध में भाजपा के कार्यकारी महानगर अध्यक्ष मानस प्रसून ने कहा कि भाजपा में महिला मोर्चा, ओबीसी मोर्चा, अनुसूचित जनजाति मोर्चा, अनुसूचित जाति मोर्चा, युवा मोर्चा एवं अल्पसंख्यक मोर्चा ही हैं। अन्य कोई मोर्चा नहीं है। प्रकोष्ठ समाप्त किए जा चुके हैं। किसी भी संगठन के कार्यसमिति की घोषणा प्रदेश अध्यक्ष से पूछ कर की जाती है। जिला पदाधिकारियों की घोषणा जिला के पदाधिकारियों से पूछ कर की जाती है। ट्रेड यूनियन नाम का कोई संगठन भाजपा में नहीं है। यह भारतीय जनता पार्टी के नाम का सरासर दुरुपयोग है। इसकी जांच की जाएगी।

भाजपा के महानगर उपाध्यक्ष संजय झा ने कहा कि जब नितिन गडकरी राष्ट्रीय अध्यक्ष हुआ करते थे, तब असंगठित मजदूरों के बीच काम करने के लिए एक संगठन बनाया गया था। बाद में उसे फिर ध्वस्त कर दिया गया। हालांकि पश्चिम बंगाल में मोबाइल टावर के गार्ड, ऑपरेटर व अन्य असंगठित कर्मियों के बीच यह संगठन काम करता रहा, लेकिन भारतीय जनता पार्टी से अब ऐसे किसी संगठन का कोई नाता नहीं है।

भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश महामंत्री बिंदेश्वरी प्रसाद ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विचार परिवार में मजदूरों के बीच सिर्फ भारतीय मजदूर संघ ही काम करता है। भारतीय जनता पार्टी ने एक बार मजदूर मोर्चा खड़ा करने का प्रयास किया था। भारतीय मजदूर संघ को देखते हुए उस विचार को त्याग दिया गया। हाल ही में एक अधिवेशन में जब मैंने सवाल किया तो मुझे बताया गया कि भारतीय जनता पार्टी फिलहाल कोई मजदूर संगठन नहीं चला रही। कोई व्यक्ति इस संगठन के नाम का दुरुपयोग कर रहा है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.