BCCL: 43 लाख रुपये के पाइप चोरी कर सेवानिवृृृत हुए लोदना क्षेत्र के महाप्रबंधक गोपाल ? Dhanbad News
भारत कोकिंग कोल लिमिटेड के लोदना क्षेत्र के महाप्रबंधक रहे गोपाल दास निगम सोमवार को ही सेवानिवृत्त हुए। मंगलवार को उन पर चोरी का आरोप लगाया गया है। शिकायत BCCL के मुख्य सतर्कता पदाधिकारी से की गई है। शिकायत के लोदना क्षेत्रीय सचिव धर्मेंद्र कुमार सिंह ने की है।
धनबाद, जेएनएन: भारत कोकिंग कोल लिमिटेड के लोदना क्षेत्र के महाप्रबंधक रहे गोपाल दास निगम सोमवार को ही सेवानिवृत्त हुए। मंगलवार को उन पर चोरी का आरोप लगाया गया है। शिकायत BCCL के मुख्य सतर्कता पदाधिकारी से की गई है। शिकायत राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर संघ के लोदना क्षेत्रीय सचिव धर्मेंद्र कुमार सिंह ने की है। सिंह ने निगम समेत दो और अधिकारियों पर पाइप चोरी का आरोप लगाया है।
शिकायत पत्र में उन्होंने कहा है कि BCCL लोदना क्षेत्र में छह इंच के 32 पाइप लगाए गए थे। इन्हें खदान से जल निकासी के लिए लगाया गया था। यह पाइप चोरी हो गए। मार्च महीने में एन टी एस टी परियोजना जीनागोरा के परियोजना पदाधिकारी पंकज कुमार ने अलकडीहा थाना में मामला दर्ज कराया था। पुलिस अभी तक छानबीन ही कर रही है। उसे कुछ मिला नहीं।
साफ जाहिर है कि यह मामला मिलीभगत का है। इसमें परियोजना पदाधिकारी पंकज कुमार समेत प्रबंधक डीके माजी भी शामिल हैं। पाइप की कीमत ₹135000 है। सिंह ने शिकायत पत्र में कहा है कि यह सभी पाइप आपस में जुड़े हुए थे और कार्यरत थे।
ऐसे में एक दिन में किसी व्यक्ति द्वारा इनकी चोरी असंभव है। निश्चित रूप से आपसी सहमति के तहत लोगों के समूह ने औजार लेकर इसे खोला और फिर चार पहिया वाहन पर लोड कर ले गए। तभी इन्हें ना तो किसी अभियंता या अन्य पदाधिकारी ने रोका, ना ही BCCL के सिक्योरिटी गार्ड व CISF के जवानों ने उन्हें रोका। मामले का आक्षेप महाप्रबंधक पर ना लगे इसलिए पंकज कुमार की ओर से अलकडीहा थाना में मामला दर्ज करा दिया गया।
सिंह ने कहा है कि पुलिस का भी अभी तक कोई कार्रवाई न करना बताता है कि सबकी सेटिंग है। उन्होंने मुख्य सतर्कता पदाधिकारी से मामले की छानबीन कर दोषी पदाधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही BCCL के CMD डीपी समेत अन्य पदाधिकारियों को भी इसकी प्रतिलिपि भेजी है।