भाजपा विधायक ढुलू महतो से मांगी गई पांच लाख रंगदारी, आरा से एक गिरफ्तार
ओम प्रकाश ने विधायक ढुलू महतो से पांच लाख रंगदारी की मांग की थी। रंगदारी नहीं देने पर अंजाम भुगतने की धमकी दिया था। इसी के बाद विधायक ने बरोरा थाने में अज्ञात के खिलाफ शिकायत की।
धनबाद, जेएनएन। बाघमारा विधायक ढुलू महतो को फोन पर पांच लाख रुपये रंगदारी मांगने का एक मामला सामने आया है। रंगदारी नहीं देने पर अंजाम भुगतने की धमकी भी विधायक को मिली है। विधायक की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए धमकी देनेवाले शख्स को बिहार के आरा से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार युवक का नाम ओम प्रकाश रवानी है, जो बाघमारा प्रेम नगर का रहने वाला बताया जाता है। उसका पैतृक गांव आरा है। विधायक को धमकाने के बाद वह आरा भाग गया था जहां से पुलिस उसे गिरफ्तार कर बुधवार को बाघमारा लाई है और पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार ओम प्रकाश ने विधायक ढुलू महतो से पांच लाख रंगदारी की मांग की थी। रंगदारी नहीं देने पर अंजाम भुगतने की धमकी दिया था। इसी के बाद विधायक ने बरोरा थाने में अज्ञात के खिलाफ शिकायत की। मोबाइल कॉल डिटेल के आधार पर ही ओम प्रकाश पकड़ा गया। मालूम हो एक माह पूर्व विधायक को धमकी देने के एक अन्य मामले में बरोरा पुलिस ने आरा के गडहनी से एक युवक को गिरफ्तार किया था। वहीं, झरिया के दो युवकों को भी पिछले दिनों चिटाई में संदेह पर पकड़ा था, जिसे बाद में पुलिस ने पूछताछ कर छोड़ दिया था।
विधायक से रंगदारी मांगने के प्रकरण में पुलिस शरारत के एंगल पर जांच कर रही है। क्योंकि विधायक ढुलू महतो खुद बाहुबली हैं। उनसे रंगदारी मांगने की हिम्मत अच्छे-अच्छे भी अपराधी नहीं कर सकते हैं। ऐसे यह मामला शरारत या सनसनी फैलाना का भी हो सकता है। वैसे जांच के बाद ही पूरी स्थिति साफ होगी।