अब तक धनबाद में 17 लाख को लगा टीका, जानें आज किन-किन सेंटरों पर मिलेगी Corona Vaccine
धनबाद में गुरुवार को टीकाकरण के लिए 22 केंद्र खोले गए हैं। इनमें 18 टीकाकरण सेंटर सरकारी अस्पतालों में हैं। शहर में केवल सदर अस्पताल में टीकाकरण केंद्र है। शुक्रवार से टीकाकरण केंद्रों की संख्या बढ़ा दी जाएगी।
जागरण संवाददाता, धनबाद। महापर्व छठ बीतने के बाद एक बार फिर से स्वास्थ्य विभाग कोरोना टीकाकरण को तेज करने में जुट गया है। इस संबंध में झारखंड स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक ने धनबाद सहित सभी जिलों को टीकाकरण में तेजी करने का निर्देश दिया है। हालांकि टीकाकरण में धनबाद तीसरे स्थान पर काबिज है। जमशेदपुर और रांची के बाद धनबाद तीसरे नंबर पर है। फिलहाल धनबाद में करीब 17 लाख को टीका लगाया जा चुका है। स्वास्थ्य विभाग की मानें तो जिले में अब तक कुल 16.88 लाख लोगों ने कोरोनारोधी वैक्सीन दी गई है। जिले में पहला डोज लेने वालों की संख्या 12.14 लाख हैं। वही दूसरा डोज लेने वालों की संख्या 4.73 लाख पहुंच चुकी है।
11 नवंबर को धनबाद जिले के निम्न केंद्रों पर कोरोना टीकाकरण शिविर का आयोजन किया जाएगा।
प्रतिदिन संध्या 06:00 बजे से ऑनलाइन स्लॉट बुकिंग हेतु सुविधा उपलब्ध रहती है। pic.twitter.com/0UI2vq9eBg— DC Dhanbad (@dc_dhanbad) November 10, 2021
सदर अस्पताल में जल्द ही शाम में भी टीकाकरण
सदर अस्पताल में जल्द ही शाम में भी टीकाकरण की व्यवस्था शुरू की जाएगी। इस संबंध में सिविल सर्जन डॉ श्याम किशोर कांत ने अस्पताल का निरीक्षण किया है। साथ ही टीकाकरण की व्यवस्था से अवगत हुए हैं। विभागीय अधिकारी की मानें तो शाम 5:00 बजे से रात 9:00 बजे तक टीकाकरण यहां चलाया जा सकेगा। इसके लिए डॉक्टर सहित टीकाकरण की टीम यहां तैनात रहेगी।
आज 22 जगह पर हो रहा टीकाकरण
गुरुवार को जिले में 22 जगहों पर कोरोना टीकाकरण हो रहा है। इसमें 18 टीकाकरण सरकारी केंद्रों में बनाए गए हैं। वहीं चार टीकाकरण निजी अस्पताल में बनाए गए हैं। शहर में केवल सदर अस्पताल में टीकाकरण केंद्र हैं। शुक्रवार से टीकाकरण केंद्रों की संख्या बढ़ा दी जाएगी। विभागीय अधिकारियों की मानें तो जल्द ही जिले में टीकाकरण केंद्र की संख्या 100 से ज्यादा की जा सकती है। इसके लिए भी विभाग अलग से तैयारी कर रहा है।