भाजपा में शामिल हुईं अपर्णा, अन्नपूर्णा ने कह दी बड़ी बात
Aparna Yadav मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव यादव की पत्नी अपर्णा यादव भाजपा में शामिल हो गईं हैं। उनके भाजपा में शामिल होने का केंद्रीय राज्य मंत्री और कोडरमा की सांसद अन्नपूर्णा यादव ने स्वागत किया है। अन्नपूर्णा यूपी में भाजपा की सह चुनाव प्रभारी हैं।
जागरण संवाददाता, धनबाद। यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के नेता मुलायम सिंह यादव की बहू अपर्णा यादव भाजपा में शामिल हो गईं हैं। उन्होंने बुधवार को नई दिल्ली स्थित भाजपा कार्यालय में उत्तर प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काम से प्रभावित होकर भाजपा में शामिल हुईं। अपर्णा के भाजपा में शामिल होने का केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री और कोडरमा की सांसद अन्नपूर्णा यादव ने स्वागत किया है। अन्नपूर्णा यूपी में भाजपा की सह चुनाव प्रभारी भी हैं।
अपर्णा समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के भाई की पत्नी
अपर्णा यादव समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव की पत्नी हैं। प्रतीक, मुलायम सिंह के छोटे बेटे हैं। अपर्णा यादव 2017 के विधानसभा चुनाव में लखनऊ कैंट से समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ चुकी हैं। हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। पिछले कुछ दिनों से अपर्णा के बीजेपी में शामिल होने की अटकलें लगाई जा रही थी। वह कई मौकों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और योगी आदित्यनाथ की तारीफ कर चुकी हैं।
ब्रिटेन में पढ़ी-लिखी
अपर्णा ने ब्रिटेन की मैनचेस्टर यूनिवर्सिटी से इंटरनेशनल रिलेशन एंड पॉलिटिक्स में मास्टर डिग्री ली है। अपर्णा और प्रतीक की सगाई 2010 में हुई थी। दोनों की शादी दिसंबर 2011 में मुलायम सिंह यादव के पैतृक गांव सैफई में हुई।
बीजेपी की फिर बनेगी सरकार
यूपी भाजपा की सह चुनाव प्रभारी अन्नपूर्णा यादव ने कहा है कि भाजपा की आंधी चल रही है। इससे प्रभावित होकर अच्छे लोग भाजपा में शामिल हो रहे हैं। यूपी चुनाव में भाजपा को 300 से ज्यादा सीटें मिलेंगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यों से प्रभावित होकर लोग भाजपा में आ रहे हैं।