कोयलांचल में सर्दी का सितम जारी, टुंडी में 36 घंटे में ठंड से तीन की मौत Dhanbad News
ठंड से लगातार हो रही मौत पर प्रशासन मौन है। जबकि जनप्रतिनिधि चुप्पी साधे हैं।
टुंडी, जेएनएन। कोयलांचल में ठंड का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। ठंड से टुंडी, गो¨वदपुर व कलियासोल प्रखंड में छ: लोगों की जाने जा चुकी है। इसमें अकेले टुंडी प्रखंड में ठंड से पिछले 36 घंटे में तीन लोगों की मौत हो चुकी है।
ठंड से लगातार हो रही मौत पर प्रशासन मौन है। जबकि जनप्रतिनिधि चुप्पी साधे हैं। बुधवार को दक्षिणी टुंडी के बेगनारिया निवासी 70 वर्षीय बुजुर्ग समरू महतो और पश्चिम टुंडी में 59 वर्षीय महिला सुकुरमुनी मंझियान की ठंड लगने से मौत हो गई थी। अब गुरुवार को बेगनारिया पंचायत के सालपहाड़ गांव निवासी 45 वर्षीय जगदीश राय की जान ठंड लगने से चली गई। बताया जाता है कि गुरुवार को जगदीश खाना खाकर सोने चला गया। रात में अचानक शौच के लिए निकला। तालाब से लौटने के दौरान ठंड लग गई। कुछ देर बाद उसने दम तोड़ दिया। परिजनों के अनुसार वह पहले से लकवा बीमारी से ग्रसित व काफी कमजोर था। युवक की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है।