पूर्व विधायक अरुप की मां अंजली चटर्जी का कोलकाता में निधन, कोलकाता से निरसा पहुंचा पार्थिव शरीर Dhanbad News
अंजली चटर्जी मार्क्सवादी समन्यव समिति (एमसीसी) की सक्रिय सदस्य रहीं हैं। उनके पति गुरुदास चटर्जी निरसा विधानसभा क्षेत्र से तीन बार विधायक रहे। 14 अप्रैल 2000 को हत्या कर दी गई थी।
निरसा, जेएनएन। निरसा के पूर्व विधायक गुरुदास चटर्जी की पत्नी अंजली चटर्जी का बुधवार की रात कोलकाता में निधन हो गया। वह करीब 70 साल की थीं। कैंसर से पीड़ित होने के कारण पिछले एक पखवारा से कोलकाता के अस्पताल में इलाज चल रहा था। बुधवार की रात उन्होंने अंतिम सांस ली। उनका पार्थिव शरीर कोलकाता से दोपहर में निरसा लाया गया।
अंजली चटर्जी मार्क्सवादी समन्यव समिति (एमसीसी) की सक्रिय सदस्य रहीं हैं। उनके पति गुरुदास चटर्जी निरसा विधानसभा क्षेत्र से तीन बार विधायक रहे। 14 अप्रैल, 2000 को निरसा और गोविंदपुर के बीच जीटी रोड पर गोली मारकर उनकी हत्या कर दी गई थी। इसके बाद चटर्जी के पुत्र अरुप चटर्जी निरसा के विधायक बने। अरूप भी तीन बार विधायक चुने गए। 2019 के विधानसभा चुनाव में अरुप को हार का सामना करना पड़ा। पूर्व विधायक अरुप की मां के निधन के बाद निरसा विधानसभा क्षेत्र में शोक की लहर है। एमसीसी के नेता और कार्यकर्ता व्यथित हैं।