पानी के लिए लोगों का फूटा गुस्सा, पीओ-प्रबंधन को घेरा
चासनाला जलापूर्ति पाइप लाइन के क्षतिग्रस्त होने से 10 दिनों से सुतुकडीह डीओसीपी कॉलोनी मोह
चासनाला : जलापूर्ति पाइप लाइन के क्षतिग्रस्त होने से 10 दिनों से सुतुकडीह, डीओसीपी कॉलोनी, मोहलबनी बस्ती व नगीना बाजार में पेयजलापूर्ति ठप है। पांच हजार की आबादी में त्राहिमाम मचा हुआ है। नाराज लोगों ने बुधवार को भाजपा के बैनर तले कोयले की ढुलाई रोककर सुदामडीह एएसपी कोलियरी एक्स पैच के पास पीओ सहदेव मांजी व प्रबंधक डीके सिन्हा का एक घंटे तक घेराव किया। प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। जल्द पेयजलापूर्ति चालू करने की मांग की। भाजपा नेता दीपक देवघरिया ने कहा कि कॉलोनी में होने वाले पेयजलापूर्ति पाइप लाइन के ऊपर कोल डिपो बना दिया गया। इससे 10 दिनों से पानी की आपूर्ति ठप हो गई है। लोग बाजार से पानी खरीदकर घर में खाना बना कर रहे हैं। नहाने, शौच व बर्तन धोने के लिए लोग दूरदराज व दामोदर नदी से पानी ढोकर लाने को मजबूर हैं। रीना सुपकार ने कहा कि दीपावली के साथ महापर्व छठ के कुछ दिन बचे हैं। ऐसे में पानी आपूर्ति बंद होने से काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रबंधन अविलंब पाइप की मरम्मत कर पानी आपूर्ति कराएं। ऐसा नहीं होने पर हमलोग जोरदार आंदोलन करेंगे। परियोजना पदाधिकारी सहदेव मांजी व प्रबंधक डीके सिन्हा ने गुस्साए लोगों से टैंकर के माध्यम से पेयजलापूर्ति करने व क्षतिग्रस्त पाइप की जल्द मरम्मत कर पानी आपूर्ति करने पर सहमति जताई, तब लोग शांत हुए। मौके पर सुप्रिया देवी, रिया सरखेल, रीना देवी, अंजू मोदक, गीता देवी, कल्पना रजवार, नीलिमा सुपकार, भारती देवी, उषा देवी, मीरा देवी, रानी देवी आदि थे।